FATEHPUR NEWS: रक्तदान के प्रति लोगों को जागरूक करने और मानसिक स्वास्थ्य के महत्व का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से नोएडा से कुशीनगर तक साइकिल यात्रा पर निकले युवा समाजसेवी अतुल सिंह का फतेहपुर पहुंचने पर विभिन्न सामाजिक संस्थाओं द्वारा गर्मजोशी से स्वागत किया गया। यह अभियान प्रणव फाउंडेशन के सहयोग से संचालित किया जा रहा है। अतुल सिंह ने अपनी साइकिल यात्रा नोएडा से प्रारंभ की, जो दिल्ली, मेरठ, लखनऊ और कानपुर होते हुए फतेहपुर पहुंची। उनकी यह यात्रा आगे कुशीनगर तक जारी रहेगी। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों के बीच रक्तदान को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर करना तथा अधिक से अधिक लोगों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित करना है। अतुल सिंह ने बताया कि वे अब तक देश के 23 राज्यों में रक्तदान कर चुके हैं। इनमें उत्तर प्रदेश, नागालैंड, बिहार, झारखंड, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, दिल्ली, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, कर्नाटक, पंजाब, हरियाणा, गुजरात, तेलंगाना, ओडिशा, छत्तीसगढ़, सिक्किम, पश्चिम बंगाल, आंध्र प्रदेश, असम, अरुणाचल प्रदेश और मेघालय शामिल हैं। उन्होंने बताया कि शेष राज्यों में भी रक्तदान करने और जागरूकता फैलाने के लक्ष्य के साथ यह विशेष साइकिल यात्रा आयोजित की जा रही है। उन्होंने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जीवनशैली, कॉर्पोरेट सेक्टर में बढ़ते कार्यभार और शैक्षणिक दबाव के कारण बड़ी संख्या में लोग मानसिक तनाव का सामना कर रहे हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए उनकी यात्रा का दूसरा प्रमुख उद्देश्य मानसिक स्वास्थ्य के प्रति लोगों को जागरूक करना भी है। उन्होंने लोगों से मानसिक स्वास्थ्य को लेकर खुलकर चर्चा करने और जरूरत पड़ने पर विशेषज्ञों की सहायता लेने का आह्वान किया। फतेहपुर आगमन पर जरूरतमंदों तक भोजन पहुंचाने का कार्य करने वाली संस्था फाइट फॉर हंगर तथा सर्व फॉर ह्यूमैनिटी फाउंडेशन के पदाधिकारियों और सदस्यों ने उनका स्वागत किया और उनके अभियान की सराहना की। संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने कहा कि रक्तदान और मानसिक स्वास्थ्य जैसे विषयों पर जनजागरूकता बढ़ाना समय की आवश्यकता है तथा ऐसे अभियान समाज को सकारात्मक दिशा प्रदान करते हैं। इस अवसर पर संजय श्रीवास्तव, फाइट फॉर हंगर से देव गुप्ता, पियूष गुप्ता, सैंडी गुप्ता और सोनाक्षी मौजूद रहीं। वहीं सर्व फॉर ह्यूमैनिटी फाउंडेशन से गुरमीत सिंह, हिमांशु श्रीवास्तव, ऋषि सागर, आयुष मौर्य, हंसिका और उमैर अजमल उपस्थित रहे। इसके अलावा मानस रक्त केंद्र से अमन यादव, अनामिका, अंजली, विष्णु और अनु सहित अन्य लोगों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की। अतुल सिंह की यह यात्रा न केवल रक्तदान के महत्व को रेखांकित कर रही है, बल्कि मानसिक स्वास्थ्य जैसे संवेदनशील विषय पर भी समाज में जागरूकता पैदा करने का महत्वपूर्ण प्रयास साबित हो रही है।







