JAUNPUR NEWS: जनपद में फाइलेरिया उन्मूलन अभियान को गति देते हुए शनिवार को ब्लॉक करंजकला के आयुष्मान आरोग्य मंदिर परशुरामपुर में फाइलेरिया लिंफोडिमा मरीजों के लिए रुग्णता प्रबंधन एवं दिव्यांगता रोकथाम (एमएमडीपी) कैंप का आयोजन किया गया। कैंप का संचालन जिला मलेरिया अधिकारी सुनील कुमार यादव के नेतृत्व में तथा सीएचओ रेणुका यादव के सहयोग से किया गया।
कैंप में 8 फाइलेरिया प्रभावित मरीजों को रोग की देखभाल, प्रभावित अंगों की नियमित साफ-सफाई, धुलाई, व्यायाम एवं संक्रमण से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के उपरांत सभी मरीजों को एमएमडीपी किट वितरित की गई। इस अवसर पर पाथ संस्था के डीओ अमरेश कुमार तथा पीसीआई के शिवम पाण्डेय ने भी मरीजों को फाइलेरिया से होने वाली जटिलताओं को कम करने और दिव्यांगता की रोकथाम के संबंध में विस्तृत प्रशिक्षण दिया। वहीं, 22 मई को खुटहन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर अधीक्षक डॉ. आरिफ के नेतृत्व में आयोजित कैंप में 15 मरीजों को रुग्णता प्रबंधन का प्रशिक्षण देकर एमएमडीपी किट प्रदान की गई। कार्यक्रम में पाथ के डीओ अमरेश कुमार एवं बीसीपीएम राजेश गौतम का विशेष सहयोग रहा। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि नियमित साफ-सफाई, निर्धारित व्यायाम तथा चिकित्सकीय सलाह का पालन कर फाइलेरिया से होने वाली गंभीर समस्याओं और दिव्यांगता के जोखिम को काफी हद तक कम किया जा सकता है। प्रशिक्षण और किट प्राप्त करने के बाद मरीजों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इस पहल को बेहद उपयोगी बताया।







