Home उत्तर प्रदेश थाना समाधान दिवस पर डीएम ने सुनी फरियाद, मौके पर ही निपटाए...

थाना समाधान दिवस पर डीएम ने सुनी फरियाद, मौके पर ही निपटाए दो विवाद

JAUNPUR NEWS: थाना समाधान दिवस के अवसर पर शनिवार को जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने कोतवाली जौनपुर पहुंचकर जनसुनवाई की और फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान प्राप्त शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर विशेष जोर दिया गया। जनसुनवाई के दौरान रासमंडल निवासी राहुल राय और उनके पड़ोसी के बीच प्लास्टर कराने को लेकर चल रहे विवाद की सुनवाई करते हुए जिलाधिकारी ने मौके पर ही समाधान करा दिया। वहीं प्रियंका श्रीवास्तव के ताला खुलवाने से संबंधित विवाद का भी तत्काल निस्तारण कर दिया गया। इसके अलावा जितेंद्र कुमार व पुष्पेंद्र पाल तथा तारतला निवासी अशोक कुमार जायसवाल व अनुराग गुप्ता द्वारा प्रस्तुत प्रार्थना पत्रों को संबंधित थाना प्रभारी को सौंपते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि मौके पर पहुंचकर निष्पक्ष जांच करते हुए गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि थाना समाधान दिवस में आने वाली शिकायतों का समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान किया जाए। भूमि विवाद और राजस्व संबंधी मामलों में राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा मौके पर जांच कर निष्पक्ष कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शी कार्यप्रणाली अपनाते हुए आमजन को त्वरित न्याय उपलब्ध कराया जाना चाहिए। इस अवसर पर आयुष श्रीवास्तव, इन्द्र नन्दन सिंह, कोतवाली प्रभारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।