डीएम-एडीएम ने किया केंद्रों का औचक निरीक्षण
MIRZAPUR NEWS: जिले में बुधवार को उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की लेखपाल मुख्य भर्ती परीक्षा-2026 कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण एवं नकलविहीन ढंग से संपन्न हुई।
जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार एवं अपर जिलाधिकारी अजय कुमार सिंह ने बीएलजे इंटर कॉलेज और माता प्रसाद माता भीख इंटर कॉलेज समेत विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। अधिकारियों ने केंद्र व्यवस्थापकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों, जैमर की तैनाती और पर्याप्त पुलिस बल की व्यवस्था थी। अभ्यर्थियों की सघन तलाशी के बाद ही प्रवेश दिया गया तथा मोबाइल-इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूर्णतः प्रतिबंधित रहे। जिलाधिकारी ने कंट्रोल रूम से भी लाइव मॉनिटरिंग की। डीएम पवन कुमार गंगवार ने बताया कि सभी केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण रही। कहीं से भी नकल या अव्यवस्था की सूचना नहीं मिली। परीक्षा के बाद बाहर निकले अभ्यर्थियों ने भी व्यवस्था पर संतोष जताया। प्रत्येक केंद्र पर मजिस्ट्रेट की तैनाती रही। जिला प्रशासन ने परीक्षा को निष्पक्ष और नकलमुक्त कराने के लिए पूरे जिले में अलर्ट मोड पर काम किया, जो सफल रहा।







