JAUNPUR NEWS: जनपद के भाजपा मंडल प्रभारियों की सूची में प्रजापति समाज के एक भी व्यक्ति को स्थान न दिए जाने पर सवाल उठाना प्रजापति महासभा के जिलाध्यक्ष एवं अधिवक्ता सुरेंद्र कुमार प्रजापति को भारी पड़ गया। समाज की उपेक्षा को लेकर बयान देने के बाद भाजपा जिलाध्यक्ष पर कथित रूप से फोन पर गाली-गलौज और धमकी देने का आरोप लगा है। इस मामले का ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जबकि पीड़ित पक्ष ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
मामला उस समय शुरू हुआ जब भाजपा उत्तर प्रदेश द्वारा जारी जौनपुर मंडल प्रभारियों की सूची में प्रजापति समाज के किसी भी व्यक्ति का नाम शामिल नहीं था। इसे लेकर प्रजापति महासभा के जिलाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार प्रजापति ने नाराजगी जताते हुए कहा था कि “क्या प्रजापति समाज सिर्फ दरी बिछाने के लिए है?” उन्होंने भाजपा संगठन पर समाज की लगातार उपेक्षा और भेदभाव का आरोप लगाया था।
इसके बाद सोशल मीडिया पर एक ऑडियो वायरल हुआ, जिसमें भाजपा जिलाध्यक्ष पर धमकी भरी भाषा का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया जा रहा है। वायरल ऑडियो में कहा जा रहा है कि —
“ठाकुर-ब्राह्मण के ऊपर चढ़कर जिला अध्यक्ष बना हूं, ऐसे ही यहां तक नहीं पहुंचा हूं। बड़ी-बड़ी हस्तियां पीछे लगी थीं। ज्यादा उड़ोगे तो ठीक कर दूंगा, लात-घूसों से मारूंगा।”
ऑडियो में यह भी कथित रूप से कहा गया कि —
“तुम समाजवादी पार्टी के हो, भाजपा की कोई जानकारी नहीं है। तुम्हारे कहने से न मैं जिलाध्यक्ष बना हूं और न कोई मंडल प्रभारी बनेगा। मेरे खिलाफ सोच-समझकर बयान दिया करो।”
इतना ही नहीं, खबर प्रकाशित करने वाले एक पत्रकार के लिए भी अपशब्दों का इस्तेमाल किए जाने और “दिमाग सही रखने” की चेतावनी देने की बात सामने आई है। मामले को लेकर सुरेंद्र कुमार प्रजापति एडवोकेट ने बताया कि पुलिस अधीक्षक जौनपुर को व्हाट्सएप पर प्रार्थना पत्र भेज कर कार्रवाई की मांग की गई है। प्रार्थना पत्र में कहा गया है कि 21 मई को सुबह करीब 8:15 बजे जब वह दीवानी न्यायालय जौनपुर में मौजूद थे, उसी दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष अजीत प्रजापति ने फोन कर गाली-गलौज की तथा जान से मारने की धमकी दी। प्रार्थना पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि बातचीत की रिकॉर्डिंग उनके पास मौजूद है तथा उन्हें अपनी जान का खतरा महसूस हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपी दबंग प्रवृत्ति का व्यक्ति है और कभी भी कोई अप्रिय घटना घट सकती है। मामले की सूचना लाइन बाजार थाना पुलिस को भी दिए जाने की बात कही गई है। ऑडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर भाजपा जिलाध्यक्ष की जमकर आलोचना हो रही है। कई लोग इसे सत्ता का अहंकार बता रहे हैं तो कुछ लोग प्रजापति समाज के अपमान का मुद्दा उठाकर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। राजनीतिक गलियारों में भी इस प्रकरण को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
उसे जो गाली दिया था उसी का ऑडियो वायरल हो रहा है। गुस्सा लगता है। 5-7 साल से मेरे पीछे पड़ा था सुरेंद्र प्रजापति। उसे जानबूझकर गुस्सा लगने पर गाली दिया। उसे समझा दिया हूं:(अजीत प्रजापति जिलाध्यक्ष भाजपा)
इस मामले में अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे ऑडियो में गाली गलौज और धमकी का मामला मेरे संज्ञान में नहीं है। यदि इस तरह की कोई बात आती है तो मामले की जांच करके कार्रवाई की जाएगी: (गिरेंद्र सिंह क्षेत्राधिकारी, शाहगंज जौनपुर)







