Home उत्तर प्रदेश स्वर्गीय राम चंद्र सिंह स्मृति जिला लॉन टेनिस प्रतियोगिता का भव्य समापन,...

स्वर्गीय राम चंद्र सिंह स्मृति जिला लॉन टेनिस प्रतियोगिता का भव्य समापन, युवा खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

PRAYAGRAJ NEWS: जिला टेनिस संघ प्रयागराज से संबद्ध ‘स्वर्गीय राम चंद्र सिंह स्मृति जिला लॉन टेनिस प्रतियोगिता’ का भव्य समापन मंगलवार को अमिताभ बच्चन स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स (मायो हॉल) में उत्साह, खेल भावना और गरिमामय वातावरण के बीच संपन्न हुआ। स्वर्गीय राम चंद्र सिंह की स्मृति में आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में प्रयागराज एवं आसपास के क्षेत्रों के युवा खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह के मुख्य अतिथि न्यायमूर्ति संजय कुमार सिंह तथा न्यायमूर्ति विपिन दीक्षित रहे। विशिष्ट अतिथियों में सीएलवीएम के अध्यक्ष सुशील खर्बंदा एवं क्षेत्रीय खेल अधिकारी प्रयागराज प्रेम कुमार उपस्थित रहे। अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया तथा खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
प्रतियोगिता के विभिन्न आयु वर्गों में रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। बालक अंडर-12 एकल वर्ग में रोनन चैधरी विजेता तथा ध्रुव यादव उपविजेता रहे। अंडर-14 वर्ग में अच्युत जायसवाल ने अध्यांत बाजपेई को पराजित कर खिताब अपने नाम किया। वहीं अंडर-16 वर्ग में किंतलक श्रीवास्तव विजेता और आदित्य वैभव उपविजेता बने। बालिका वर्ग में अंडर-12 एकल का खिताब वर्णिका मिश्रा ने जीता जबकि समृद्धि सोनी उपविजेता रहीं। अंडर-14 वर्ग में अरुजा जैन विजेता और अनन्या सिंह उपविजेता बनीं। अंडर-16 वर्ग में नीति दुबे ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब जीता, जबकि अनुष्का उपविजेता रहीं। युगल मुकाबलों में बालक अंडर-16 वर्ग में किंतलक और ऋशांत की जोड़ी विजेता रही, जबकि हर्ष और वैभव की जोड़ी उपविजेता बनी। वहीं बालिका अंडर-16 युगल वर्ग में यशस्वी और सुहानी की जोड़ी ने खिताब अपने नाम किया तथा अनुष्का और वशिष्ठा की जोड़ी उपविजेता रहीं। इस आयोजन की मेजबानी स्वर्गीय राम चंद्र सिंह के सुपुत्र एवं एसटीईके सिस्टम्स प्राइवेट लिमिटेड तथा सिक्योरनेट टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड के संस्थापक एवं निदेशक शिव शंकर सिंह ने की। उन्होंने सभी अतिथियों, प्रशिक्षकों, निर्णायकों एवं खिलाड़ियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह प्रतियोगिता केवल खेल आयोजन नहीं, बल्कि उनके पिता की प्रेरणादायी विरासत को आगे बढ़ाने का प्रयास है। मुख्य अतिथियों ने विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान एवं खिलाड़ियों के बेहतर भविष्य की शुभकामनाओं के साथ हुआ।