सीडीओ की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में आयोजित हुई बैठक, अधिकारियों को गुणवत्ता परख निस्तारण के निर्देश
FATEHPUR NEWS: विकास भवन सभागार में बुधवार को मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना की अध्यक्षता में किसान दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें किसानों की समस्याओं को सुनने के साथ-साथ कृषि विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी दी गई। बैठक में किसानों से फार्मर रजिस्ट्री अनिवार्य रूप से कराने की अपील करते हुए भविष्य में सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे प्राप्त करने के लिए इसे आवश्यक बताया गया। बैठक का संचालन उप कृषि निदेशक सत्येन्द्र सिंह ने किया। उन्होंने गत किसान दिवस में प्राप्त शिकायतों के अनुपालन की जानकारी देते हुए किसानों को शासन की लाभार्थीपरक योजनाओं, कृषि निवेश उपलब्धता तथा खरीफ सत्र के लिए बीजों की बुकिंग के संबंध में जानकारी दी। साथ ही उपस्थित किसानों को फार्मर रजिस्ट्री अनिवार्य रूप से कराने तथा अन्य किसानों को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की गई। उद्यान विभाग की ओर से उद्यान निरीक्षक ने किसानों को विभागीय योजनाओं और आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी दी। उन्होंने प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य एवं प्रसंस्करण उद्यम औपचारिकीकरण योजना के तहत लघु उद्यमों को मिलने वाले अनुदान, मुख्यमंत्री फल उद्यान योजना, आरकेवीवाई योजना तथा एकीकृत बागवानी मिशन सहित विभिन्न योजनाओं के लाभ एवं तकनीकी पहलुओं से अवगत कराया। जिला कृषि अधिकारी ने किसानों को खरीफ सत्र के लिए बीज एवं उर्वरकों की उपलब्धता के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि जनपद में पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध है और समितिवार नियमानुसार वितरण कराया जाएगा। उन्होंने किसानों से आवश्यकतानुसार ही उर्वरक खरीदने तथा अनावश्यक भंडारण न करने की अपील की। कृषि विज्ञान केंद्र के कृषि वैज्ञानिक डॉ. जगदीश किशोर ने खरीफ फसलों की उन्नत खेती, नवीन कृषि तकनीकों एवं कीट नियंत्रण संबंधी जानकारी देते हुए किसानों को बेहतर उत्पादन के उपाय बताए। बैठक में अधीक्षण अभियंता विद्युत ने किसानों की सिंचाई के लिए विद्युत आपूर्ति, स्मार्ट मीटर एवं बिजली बिल भुगतान से जुड़ी समस्याओं पर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिन किसानों के स्मार्ट मीटर प्रीपेड से पोस्टपेड हो चुके हैं और बकाया बिजली बिल के कारण विद्युत आपूर्ति बाधित है, वे कॉमन सर्विस सेंटर या जनसेवा केंद्र के माध्यम से बकाया बिल का 10 प्रतिशत जमा कर अपनी आपूर्ति बहाल करा सकते हैं। इसके अलावा भीषण गर्मी के मद्देनजर भारी विद्युत उपकरणों का सीमित उपयोग करने की भी अपील की गई। मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना ने किसान दिवस में मौजूद किसानों से फार्मर रजिस्ट्री अवश्य कराने की अपील करते हुए कहा कि इससे भविष्य में किसानों को सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ, आसान ऋण सुविधा, फसल बीमा क्षतिपूर्ति तथा बीज व उर्वरकों पर सब्सिडी प्राप्त करने में सुविधा होगी। उन्होंने कहा कि फार्मर रजिस्ट्री पूर्ण होने से डिजिटल भू-अभिलेख तैयार होंगे और कागजी प्रक्रिया से राहत मिलेगी। सीडीओ ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसान दिवस में प्राप्त शिकायतों का गुणवत्ता परख निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता को मौके पर बुलाकर समस्या का समाधान किया जाए और जिन मामलों का तत्काल निस्तारण संभव नहीं है, उनमें समय सीमा निर्धारित कर किसानों को अवगत कराया जाए। साथ ही अधिकारियों को किसानों के फोन हर स्थिति में रिसीव करने और समस्याओं का गंभीरता से समाधान करने के निर्देश दिए गए। बैठक के अंत में उप कृषि निदेशक ने उपस्थित अधिकारियों एवं किसानों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए मुख्य विकास अधिकारी की अनुमति से किसान दिवस का समापन किया। इस अवसर पर उप कृषि निदेशक सत्येन्द्र सिंह, अधीक्षण अभियंता विद्युत, जिला कृषि अधिकारी, जिला कृषि रक्षा अधिकारी, उप मुख्य चिकित्साधिकारी, अपर जिला सहकारी अधिकारी, सिंचाई एवं विद्युत विभाग के अधिकारी, भूमि संरक्षण अधिकारी, उद्यान निरीक्षक, नाबार्ड अधिकारी, भारतीय किसान यूनियन एवं किसान संघ के पदाधिकारी सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।







