जाफरगंज थाना क्षेत्र के खूंटाझाल गांव में दो पक्षों के बीच चल रहे विवाद का किया निरीक्षण
FATEHPUR NEWS: पुलिस अधीक्षक फतेहपुर अभिमन्यु मांगलिक ने बुधवार को जनसुनवाई के दौरान प्राप्त भूमि विवाद संबंधी प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए जाफरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम खूंटाझाल पहुंचकर मौके का निरीक्षण एवं मुआयना किया। इस दौरान उन्होंने विवादित भूमि का बारीकी से अवलोकन करते हुए दोनों पक्षों से जानकारी प्राप्त की और अधिकारियों को निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए। बताया गया कि थाना जाफरगंज पर जनसुनवाई के दौरान थाना क्षेत्र के ग्राम खूंटाझाल में दो पक्षों के बीच भूमि संबंधी विवाद का मामला सामने आया था। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक स्वयं मौके पर पहुंचे और संबंधित भूमि एवं विवादित स्थल का निरीक्षण कर स्थिति की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने दोनों पक्षों की बात सुनते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि मामले की निष्पक्ष एवं तथ्यपरक जांच सुनिश्चित की जाए तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या तनाव की स्थिति उत्पन्न न होने पाए। उन्होंने क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश भी दिए। एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से कहा कि मामले में नियमानुसार आवश्यक वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और किसी भी पक्ष के साथ अन्याय न हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी तथा विवाद का समाधान नियमों के तहत कराया जाएगा। निरीक्षण के दौरान पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के मद्देनजर पुलिस की निगरानी भी बढ़ा दी गई है।







