Home आस्था अधिक मास के शुभारंभ पर इस्कॉन झांसी में भव्य नौका विहार उत्सव

अधिक मास के शुभारंभ पर इस्कॉन झांसी में भव्य नौका विहार उत्सव

श्री श्री राधा-गोविंद ने मोर नौका में दिए दिव्य दर्शन, हजारों श्रद्धालु हुए भाव-विभोर
JHANSI NEWS: अधिक मास के पावन शुभारंभ के अवसर पर इस्कॉन झाँसी में भव्य नौका विहार उत्सव का आयोजन अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ किया गया। मंदिर परिसर हरिनाम संकीर्तन, दीप सज्जा एवं भक्तिमय वातावरण से पूरी तरह गुंजायमान हो उठा। इस विशेष अवसर पर श्री श्री राधा-गोविंद जी नवीन निर्मित आकर्षक मोर नौका में विराजमान होकर भक्तों को अलौकिक दर्शन दिए। मंदिर के भक्तों द्वारा विशेष रूप से एक सुंदर कृत्रिम सरोवर (तालाब) का निर्माण किया गया, जिसमें पुष्प सज्जा, रंग-बिरंगी रोशनी एवं वृंदावन जैसी प्राकृतिक झलक प्रस्तुत की गई। भक्तों द्वारा निर्मित भव्य मोर नौका उत्सव का मुख्य आकर्षण रही, जिसे देखने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। संध्या समय आरती एवं उत्साहपूर्ण हरिनाम संकीर्तन के साथ नौका विहार उत्सव का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश के शिमला से विशेष रूप से आमंत्रित प्रसिद्ध कीर्तनकार एवं वक्ता सनातन गौर चंद्र दास जी एवं उज्जैन से कृष्ण कीर्तन दास जी ने अपने अपने मधुर कीर्तन एवं प्रेरणादायक प्रवचनों से सभी भक्तों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनके संकीर्तन में भक्तगण भाव-विभोर होकर नृत्य करते एवं “हरे कृष्ण” महामंत्र का संकीर्तन करते दिखाई दिए। उत्सव के दौरान भगवान श्री श्री राधा-गोविंद जी को विशेष छप्पन भोग अर्पित किया गया, जिसमें विभिन्न प्रकार के व्यंजन, मिठाइयाँ एवं फल सम्मिलित थे। तत्पश्चात हजारों श्रद्धालुओं के बीच प्रेमपूर्वक महाप्रसाद वितरण किया गया। भक्तों ने बड़े आनंद एवं श्रद्धा के साथ महाप्रसाद ग्रहण किया।इसके साथ एक बहुत ही सुन्दर व्रज की राधा कृष्ण रंगोली भी भक्तो द्वारा बनाईगई। 
इस भव्य आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्र के विधायक रवि शर्मा  एवं उनकी धर्मपत्नी सुनीता  शर्मा  विशेष रूप से उपस्थित रहे। दोनों ने भगवान श्री श्री राधा-गोविंद जी के दर्शन कर मंदिर प्रबंधन एवं भक्तों द्वारा किए गए दिव्य आयोजन की सराहना की।
कार्यक्रम में झांसी के जिला अधिकारी श्री गौरांग राठी ji की भी विशेष उपस्थिति रही। उन्होंने इस आयोजन को झांसी की सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक चेतना का अद्भुत प्रतीक बताया। अधिक मास के शुभ अवसर पर आयोजित इस भव्य नौका विहार उत्सव ने समस्त झांसी नगर में आध्यात्मिकता, संस्कृति एवं भक्ति का सुंदर संदेश प्रसारित किया। उपस्थित श्रद्धालुओं ने इस आयोजन को “वृंदावन की दिव्य अनुभूति” बताते हुए इसकी भूरि-भूरि प्रशंसा की। मंदिर अध्यक्ष ब्रज  भूमि  दास  ने समस्त भक्तों, सेवकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अधिक मास भगवान की विशेष कृपा प्राप्त करने का श्रेष्ठ अवसर है तथा ऐसे उत्सव समाज में आध्यात्मिक चेतना जागृत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसके साथ उन्होंने मंदिर के भक्त व्रज जान रंजन दास , प्रिय गोविंदा दास, दामोदर बंधू दास, श्याम विलास दास, महेश्वर चंद्र दास, कनाई ठाकुर दास, प्राणेश्वर गौर दास और सभी युवा एवं कोन्ग्रेजातिओं भक्तो का धन्यवाद दिया। इस सफल आयोजन में मंदिर के अनेक भक्तों एवं सेवकों का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम में मीडिया प्रतिनिधि पियूष रावत जी भी उपस्थित रहे एवं उन्होंने आयोजन की सराहना की।