Home उत्तर प्रदेश डीआईजी वैभव कृष्ण ने जौनपुर पुलिस को दिए सख्त निर्देश, माफियाओं और...

डीआईजी वैभव कृष्ण ने जौनपुर पुलिस को दिए सख्त निर्देश, माफियाओं और गंभीर अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई के आदेश

JAUNPUR NEWS: वाराणसी परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) वैभव कृष्ण ने रविवार को पुलिस लाइन सभागार में अपराध एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक कर जनपद पुलिस को अपराध नियंत्रण के लिए सख्त दिशा-निर्देश दिए। बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुँवर अनुपम सिंह भी मौजूद रहे। डीआईजी ने जनपद में चिन्हित माफियाओं के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने के निर्देश देते हुए हत्या, लूट, दुष्कर्म, छेड़छाड़, गो-तस्करी, शराब तस्करी, चोरी और नकबजनी जैसे मामलों में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने अपराधियों की गैंगस्टर कार्रवाई और गैंगशीट खोलने की प्रक्रिया तेज करने पर जोर दिया। समीक्षा के दौरान लंबित विवेचनाओं का गुण-दोष के आधार पर समयबद्ध निस्तारण करने तथा वांछित अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। महिला संबंधी अपराधों में त्वरित कार्रवाई, गुंडा एक्ट के तहत जिलाबदर की कार्यवाही तथा पीड़ितों को शीघ्र न्याय दिलाने पर विशेष बल दिया गया। डीआईजी ने ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत हत्या, दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट और लूट जैसे गंभीर मामलों में प्रभावी पैरवी कर दोषियों को अधिकतम सजा दिलाने के निर्देश दिए। साथ ही जनसुनवाई के दौरान आम जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर निष्पक्ष जांच के बाद विधिक निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में अवैध शराब के खिलाफ निरंतर अभियान चलाने, माल मुकदमाती के त्वरित निस्तारण तथा थाना प्रभारियों और पुलिसकर्मियों को दंगा नियंत्रण के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आतिश कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर गोल्डी गुप्ता, क्षेत्राधिकारी सदर देवेश सिंह सहित सभी क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी एवं शाखा प्रभारी उपस्थित रहे।