Home उत्तर प्रदेश बिजली संकट पर गरमाई राजनीति, बबीना विधायक ने खोला मोर्च

बिजली संकट पर गरमाई राजनीति, बबीना विधायक ने खोला मोर्च

न रोस्टर का पालन हो रहा, न अधिकारी उठा रहे फोन— तत्काल निर्बाध बिजली आपूर्ति की मांग

JHANSI NEWS: भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान के बीच जनपद झांसी की चरमराई विद्युत व्यवस्था को लेकर बबीना विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक राजीव सिंह पारीछा ने कड़ा रुख अपनाया है। क्षेत्रवासियों से लगातार मिल रही शिकायतों और बढ़ते जनआक्रोश को देखते हुए विधायक ने जिलाधिकारी को एक सख्त शिकायती पत्र भेजकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। विधायक द्वारा भेजे गए पत्र में कहा गया है कि बबीना विधानसभा सहित झांसी के कई ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में लंबे समय से अघोषित बिजली कटौती और लो-वोल्टेज की गंभीर समस्या बनी हुई है। शासन द्वारा निर्धारित विद्युत रोस्टर का पालन नहीं किया जा रहा, जिससे आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पत्र में उल्लेख किया गया है कि भीषण गर्मी के बीच घंटों बिजली गायब रहने से लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। कम वोल्टेज के कारण घरेलू विद्युत उपकरण खराब हो रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल संकट गहराता जा रहा है, वहीं किसानों की सिंचाई व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है। दूसरी ओर परीक्षाओं के दौर में विद्यार्थियों की पढ़ाई पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है। विधायक ने बिजली विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की कार्यशैली पर भी गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जिम्मेदार अधिकारी न तो आम जनता के फोन उठा रहे हैं और न ही जनप्रतिनिधियों की कॉल का जवाब दे रहे हैं, जिसके कारण समस्याओं का समय पर समाधान नहीं हो पा रहा है। अपने पत्र में विधायक राजीव सिंह पारीछा ने जिलाधिकारी से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए जाएं और शासन के निर्धारित रोस्टर के अनुसार निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित कराई जाए। साथ ही लापरवाह अधिकारियों की जवाबदेही तय करते हुए जनता की शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण कराया जाए।विधायक ने पत्र की प्रतिलिपि मुख्य अभियंता, विद्युत वितरण खंड ग्रामीण झांसी को भी आवश्यक कार्रवाई हेतु प्रेषित की है.