Home उत्तर प्रदेश रेलवे माल परिवहन व्यवस्था में सुधार को लेकर व्यापार मंडल ने डीआरएम...

रेलवे माल परिवहन व्यवस्था में सुधार को लेकर व्यापार मंडल ने डीआरएम को सौंपा सुझाव पत्र

JHANSI NEWS: झांसी व्यापार मंडल उत्तर प्रदेश के एक प्रतिनिधिमंडल ने अध्यक्ष संतोष साहू के नेतृत्व में मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) से भेंट कर रेलवे माल परिवहन व्यवस्था में सुधार संबंधी सुझाव पत्र सौंपा। व्यापारी नेता संतोष साहू ने चर्चा के दौरान बताया कि  प्रधानमंत्री द्वारा डीजल-पेट्रोल की बचत एवं ग्रीन ट्रांसपोर्ट को बढ़ावा देने के उद्देश्य से व्यापारियों से रेलवे माल परिवहन को अधिकाधिक अपनाने की अपील की गई है। इसी क्रम में झांसी व्यापार मंडल ने रेलवे की वर्तमान माल परिवहन व्यवस्था को अधिक सुरक्षित, पारदर्शी एवं व्यापारी हितैषी बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
सुझाव पत्र में प्रमुख रूप से ओवर-कैरी की घटनाओं पर रोक लगाने, स्टेशन परिसर में होने वाली आंशिक चोरी एवं माल क्षति की जवाबदेही तय करने, पर्याप्त प्रशिक्षित हमालों की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा माल की टूट-फूट रोकने की मांग उठाई गई। इसके अलावा माल क्षति अथवा गुम होने की स्थिति में त्वरित क्लेम व्यवस्था एवं रियल टाइम ट्रैकिंग सुविधा उपलब्ध कराने, माल एवं टू-व्हीलर बुकिंग प्रक्रिया को पूर्णतः डिजिटल एवं पारदर्शी बनाने तथा फल-सब्जी जैसे शीघ्र खराब होने वाले उत्पादों के लिए प्राथमिकता आधारित समयबद्ध डिलीवरी व्यवस्था लागू करने का सुझाव दिया गया। व्यापार मंडल ने व्यापारियों की समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु रेलवे स्टेशन पर समर्पित हेल्प डेस्क स्थापित करने, निजी ट्रांसपोर्ट की तर्ज पर रेलवे द्वारा डोर-टू-डोर लॉजिस्टिक मॉडल विकसित करने एवं भाड़ा दरों को व्यावहारिक बनाए जाने की भी मांग की। साथ ही रेलवे प्रशासन एवं व्यापारी संगठनों के बीच नियमित समन्वय बैठकों के आयोजन पर भी जोर दिया गया। व्यापार मंडल का कहना था कि यदि रेलवे प्रशासन इन सुझावों को लागू करता है तो व्यापारी वर्ग बड़े स्तर पर पुनः रेलवे माल परिवहन को अपनाएगा, जिससे प्रधानमंत्री के आत्मनिर्भर भारत अभियान को मजबूती मिलेगी तथा रेलवे राजस्व में भी वृद्धि होगी।
डीआरएम ने प्रतिनिधिमंडल द्वारा दिए गए सभी सुझावों को गंभीरता से सुना और उनकी सराहना करते हुए आवश्यक सुधार जल्द लागू करने का आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल में चेयरमैन मनमोहन गेडा, प्रभारी राजेंद्र अग्रवाल, महामंत्री सुजीत अग्रवाल, संयोजक पियूष रावत, कोषाध्यक्ष चौधरी फिरोज, सीपरी बाजार व्यापार महासमिति अध्यक्ष उदय सोनी तथा मिशन कंपाउंड ग्वालियर रोड व्यापार मंडल अध्यक्ष शिवांशु श्रीवास्तव ‘काके’ सहित अन्य व्यापारी मौजूद रहे।