BALRAMPUR NEWS: पचपेड़वा नगर पंचायत के वार्ड नंबर 3 बरगदही में स्थित बाबा हज़रत सैयद इल्तिज़ा हुसैन का दो दिवसीय उर्से अज़ीम अकीदत और एहतराम के साथ सम्पन्न हो गया।
उर्स के मौके पर दूर-दराज़ इलाकों से बड़ी संख्या में ज़ायरीन मजार शरीफ पर पहुंचे। अकीदतमंदों ने बाबा के दर पर हाज़िरी लगाकर मन्नतें मांगीं और देश में अमन, सुकून, भाईचारे और खुशहाली के लिए दुआएं कीं। कार्यक्रम के पहले दिन तक़रीर का आयोजन हुआ, जिसमें अकीदतमंदों को बाबा के जीवन, शिक्षाओं और इंसानियत के पैग़ाम से रूबरू कराया गया। वक्ताओं ने कहा कि ऐसे आयोजन सामाजिक एकता को मजबूत करते हैं और लोगों को मोहब्बत व भाईचारे का संदेश देते हैं। वहीं दूसरे दिन देश के मशहूर क़व्वाल जुनेद सुल्तानी ने अपने रंगीन और रूहानी कलाम से समां बांध दिया। उनकी क़व्वाली सुनकर मौजूद ज़ायरीन झूम उठे और पूरा माहौल अकीदत और रूहानियत से भर गया। क़व्वाल जुनेद सुल्तानी ने अपने सुरों से लोगों के दिल जीत लिए। इस मौके पर मजार के सज्जादानशीन सैयद अशरफ हुसैन भी मौजूद रहे। उनके साथ हज़ारों की संख्या में अकीदतमंदों ने शिरकत की और उर्स की रौनक को बढ़ाया।
बरगदही में सम्पन्न हुआ यह दो दिवसीय उर्से अज़ीम न सिर्फ़ धार्मिक श्रद्धा का प्रतीक बना, बल्कि इसने भाईचारे, मोहब्बत और सामाजिक सौहार्द का भी मजबूत संदेश दिया।







