SIDHARTHNAGAR NEWS: जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने मंगलवार को विकास खंड उसका बाजार में निर्माणाधीन कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय और मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्यों में शिथिलता मिलने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताते हुए कार्यदायी संस्थाओं को समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय के निरीक्षण के दौरान जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने जिलाधिकारी को बताया कि यहाँ पिछले एक माह से निर्माण कार्य बंद पड़ा है। इस पर जिलाधिकारी का पारा चढ़ गया और उन्होंने कार्यदायी संस्था यूपीसीएलडीएफ के अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि मई 2026 के अंत तक प्रत्येक दशा में निर्माण कार्य पूर्ण करना सुनिश्चित करें, अन्यथा कार्रवाई के लिए तैयार रहें। इस दौरान उन्होंने रसोई घर का जायजा लिया और लैब में अभ्यास कर रहे बच्चों से बातचीत भी की। इसके उपरांत जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय का रुख किया। यहाँ उन्होंने मुख्य भवन, प्रधानाचार्य व स्टाफ आवास, बालवाटिका, डोरमेट्री और मेस के निर्माण का अवलोकन किया। जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था उ.प्र. लोक निर्माण विभाग (भवन), अयोध्या के अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप ही होने चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और समस्त कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं।







