फ्लोरेंस नाइटिंगेल की जयंती पर आयोजित हुआ कार्यक्रम
मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
FATEHPUR NEWS: शहर के जीटी रोड स्थित मां रामरति मेमोरियल नर्सिंग कॉलेज में 12 मई को अंतरराष्ट्रीय नर्स दिवस उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। यह दिवस आधुनिक नर्सिंग की जनक फ्लोरेंस नाइटिंगेल की जयंती के अवसर पर नर्सिंग पेशे के सेवा भाव और समर्पण को समर्पित रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ अशोक पटेल एवं अति विशिष्ट अतिथि निर्मला सचान द्वारा दीप प्रज्वलन व फ्लोरेंस नाइटिंगेल के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। इस दौरान उनके जन्मदिवस के उपलक्ष्य में केक भी काटा गया। अपने संबोधन में डॉ अशोक पटेल ने फ्लोरेंस नाइटिंगेल के जीवन और आदर्शों को याद करते हुए छात्रों को उनसे प्रेरणा लेने की बात कही। उन्होंने कहा कि एक सफल नर्स बनने के लिए ईमानदारी, अनुशासन और जिम्मेदारी के प्रति समर्पण आवश्यक है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि नर्सिंग के क्षेत्र में केवल किताबी ज्ञान ही नहीं, बल्कि उच्च नैतिक मूल्यों का होना भी बेहद जरूरी है। वहीं निर्मला सचान ने सभी छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं नर्सिंग स्टाफ को अंतरराष्ट्रीय नर्स दिवस की शुभकामनाएं देते हुए विद्यार्थियों को अपने कर्तव्यों का निष्ठा और ईमानदारी से पालन करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर कॉलेज के जीएनएम एवं एएनएम पाठ्यक्रमों में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं तथा शत-प्रतिशत उपस्थिति दर्ज करने वाले विद्यार्थियों को मुख्य अतिथि व अन्य अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया। कॉलेज की संस्थापक सदस्या श्रीमती कुसुम पटेल ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम व द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को मेडल व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। नाटक और नृत्य के माध्यम से नर्सिंग पेशे की चुनौतियों और महत्व को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया, जिसे उपस्थित लोगों ने खूब सराहा। कॉलेज की डायरेक्टर प्रियंका सिंह ने प्रतिभागियों एवं पुरस्कृत विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उन्हें निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। वहीं प्रिंसिपल विशाल सिंह ने छात्रों को नर्सिंग के क्षेत्र में नवीन तकनीकी ज्ञान और मानवीय दृष्टिकोण अपनाने की सलाह दी। कार्यक्रम में डॉ जवाहरलाल, डॉ प्रतीक पटेल, डॉ नितिका पटेल, डॉ अभिनव पटेल सहित कॉलेज के शिक्षक, स्टाफ एवं श्री रामसनेही मेमोरियल हॉस्पिटल का स्टाफ उपस्थित रहा। अंत में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।







