Home उत्तर प्रदेश फतेहपुर पुलिस ने 20 लाख कीमत के 132 मोबाइल किए बरामद

फतेहपुर पुलिस ने 20 लाख कीमत के 132 मोबाइल किए बरामद

खोए मोबाइल मिले, चेहरों पर लौटी मुस्कान
CEIR पोर्टल की मदद से विभिन्न राज्यों से भी रिकवरी
FATEHPUR NEWS : पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देश पर चलाए गए विशेष अभियान में फतेहपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने CEIR पोर्टल की मदद से कुल 132 गुम या चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए। बरामद मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई जा रही है। मोबाइल बरामदगी के लिए जनपदीय सीसीटीएनएस टीम और सभी थानों की पुलिस टीमों को लगाया गया था। CEIR पोर्टल से प्राप्त जानकारी के आधार पर लगातार मॉनिटरिंग और समन्वित प्रयास किए गए, जिसके परिणामस्वरूप जिले के अलावा अन्य जनपदों और राज्यों से भी मोबाइल फोन बरामद किए गए। रिजर्व पुलिस लाइन के सम्मेलन कक्ष में आयोजित कार्यक्रम में एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने स्वयं लाभार्थियों को उनके मोबाइल फोन सौंपे। अपने खोए फोन वापस पाकर लोगों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने पुलिस की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। इस अभियान में कुल 21 थानों की टीमों ने भाग लिया। सबसे अधिक 19 मोबाइल थाना बिंदकी से बरामद किए गए। इसके अलावा थाना गाजीपुर और खागा से 11-11, थाना असोथर से 10 मोबाइल मिले। थाना कोतवाली से 9, मलवां और चांदपुर से 8-8 मोबाइल बरामद किए गए। इस सफलता में जनपदीय सीसीटीएनएस टीम के साथ-साथ सभी थानों की सीसीटीएनएस इकाइयों की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिनके संयुक्त प्रयास से यह अभियान सफल रहा।