BHADOHI NEWS: क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ.अरविंद कुमार के नेतृत्व में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से शनिवार को राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालयों द्वारा विशेष आउटरीच स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया गया। जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों ने अपनी स्वास्थ्य जांच कराई और आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धति का लाभ उठाया। इस दौरान राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय मतेथू की डॉ.सुमन वर्मा ने ग्राम पंचायत मतेथू में आउटरीच कैंप आयोजित कर कुल 35 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। इसमें 14 पुरुष और 21 महिलाएं शामिल रहीं। राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय दरुनहा की डॉ.स्मिता चैरसिया ने दरुनहा स्थित प्राथमिक विद्यालय में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया। यहां कुल 34 मरीजों का उपचार किया गया। जिसमें 13 महिलाएं और 21 पुरुष शामिल थे। राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय खमरिया की डॉ.गीता गुप्ता ने प्राथमिक विद्यालय सुल्तानपुर में शिविर लगाया गया। यहां सबसे अधिक उत्साह देखा गया। जहां कुल 77 लोगों ने स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किया। इसमें 35 पुरुष और 42 महिलाएं सम्मिलित थीं। शिविर में मरीजों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण कर परामर्श दिया गया। जहां मौसमी बीमारियों से बचाव के लिए आयुर्वेदिक औषधियों का वितरण हुआ। चिकित्सालय के प्रभारियों ने बताया कि इन शिविरों का उद्देश्य दूर-दराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक सुलभ और प्रभावी स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। भविष्य में भी इस प्रकार के कैंप नियमित रूप से आयोजित किए जाते रहेंगे।





