Home उत्तर प्रदेश इंडियन प्रेस काउंसिल की सराहनीय पहल, स्वर्गीय चंद्र प्रकाश मिश्रा की स्मृति...

इंडियन प्रेस काउंसिल की सराहनीय पहल, स्वर्गीय चंद्र प्रकाश मिश्रा की स्मृति में किया गया पौधारोपण

PRATAPGARH NEWS: मानिकपुर के शाहाबाद में इंडियन प्रेस काउंसिल की ओर से एक सराहनीय पहल देखने को मिली। इंडियन प्रेस काउंसिल के जिला मंत्री सुजीत मिश्रा ने अपने पिता स्वर्गीय चंद्र प्रकाश मिश्रा की स्मृति में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित कर समाज को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान दर्जनों पौधे लगाए गए और लोगों को जीवन के विशेष अवसरों को यादगार बनाने के लिए पौधारोपण करने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में मौजूद वक्ताओं ने कहा कि आज के समय में जन्मदिन, पुण्यतिथि, वैवाहिक वर्षगांठ और अन्य शुभ अवसरों पर पौधारोपण करना सबसे बड़ा सामाजिक कार्य है। इससे न केवल पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलता है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को भी स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिलता है। लोगों ने कहा कि यदि हर व्यक्ति अपने जीवन के खास अवसरों पर एक पौधा भी लगाए, तो पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में बड़ी मदद मिल सकती है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर पंचायत मानिकपुर अध्यक्ष प्रतिनिधि आशुतोष जायसवाल डिंपू मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि पौधे केवल पेड़ नहीं होते, बल्कि जीवन का आधार हैं। पर्यावरण को बचाने के लिए समाज के हर व्यक्ति को आगे आना होगा। वहीं मां ज्वालामुखी देवी धाम के पुजारी गंगा प्रसाद ने कहा कि पौधारोपण सबसे बड़ा पुण्य कार्य है। उन्होंने लोगों से अपील की कि शुभ अवसरों को केवल औपचारिकता तक सीमित न रखें, बल्कि उन्हें समाज और प्रकृति के हित से जोड़ें।इस अवसर पर इंडियन प्रेस काउंसिल के राष्ट्रीय महासचिव कुलदीप विश्वकर्मा, जिला संरक्षक अजय मिश्रा, जिलाध्यक्ष लोकेश मिश्रा, मंडल मीडिया प्रभारी दिनेश पाल, तहसील अध्यक्ष संदीप साहू, महामंत्री राहुल यादव, जिला प्रतिनिधि शहबाज खान, संदीप साहू, आलोक मिश्रा, सुभाष सोनकर, कृष्ण प्रताप, राकेश जायसवाल सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने स्वर्गीय चंद्र प्रकाश मिश्रा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके व्यक्तित्व एवं सामाजिक योगदान को याद किया। साथ ही सभी ने संकल्प लिया कि भविष्य में जन्मदिन, पुण्यतिथि और अन्य शुभ अवसरों पर पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण की मुहिम को आगे बढ़ाया जाएगा।