JHANSI NEWS: बुंदेलखंड क्रांति दल झांसी ने महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में दलित कर्मचारी लक्ष्मीनारायण को श्रम न्यायालय के आदेश के बावजूद ज्वाइन न कराए जाने के विरोध में प्रिंसिपल को ज्ञापन सौंपा। संगठन ने मेडिकल कॉलेज प्रशासन से तत्काल न्यायालय के आदेश का पालन करते हुए कर्मचारी को बहाल करने की मांग की। बुंदेलखंड क्रांति दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुंवर सत्येन्द्र पाल सिंह ने कहा कि दलित कर्मचारी के साथ हो रहा अन्याय दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि श्रम न्यायालय का आदेश प्रभावी होने और उच्च न्यायालय से किसी प्रकार का स्थगन आदेश न होने के बावजूद कर्मचारी को ज्वाइन न कराया जाना प्रशासन की मनमानी को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि संगठन सामाजिक न्याय और संविधानसम्मत अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगा।
ज्ञापन में बताया गया कि लक्ष्मीनारायण को श्रम न्यायालय, झांसी से वाद में निर्णय प्राप्त हो चुका है। मेडिकल कॉलेज द्वारा उच्च न्यायालय में याचिका दायर किए जाने के बाद भी कोई स्थगन आदेश प्राप्त नहीं हुआ है। साथ ही उप श्रम आयुक्त कार्यालय, झांसी द्वारा भी कई बार आदेश के अनुपालन के निर्देश दिए जा चुके हैं। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि कर्मचारी को शीघ्र ज्वाइन नहीं कराया गया तो बुंदेलखंड क्रांति दल आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा, जिसकी जिम्मेदारी मेडिकल कॉलेज प्रशासन और शासन की होगी। इस दौरान राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अमर सिंह, नगर अध्यक्ष जगदीश विश्वकर्मा, जिला महासचिव कालीचरण श्रीवास सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।







