Home उत्तर प्रदेश आयुर्वेदिक कॉलेज में अव्यवस्थाओं पर फूटा छात्रों का गुस्सा, एबीवीपी ने किया...

आयुर्वेदिक कॉलेज में अव्यवस्थाओं पर फूटा छात्रों का गुस्सा, एबीवीपी ने किया प्रदर्शन

JHANSI NEWS: अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) झांसी महानगर के कार्यकर्ताओं ने बुंदेलखंड आयुर्वैदिक महाविद्यालय में व्याप्त अनियमितताओं और छात्रों की समस्याओं को लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। परिषद कार्यकर्ताओं ने महाविद्यालय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्राचार्य डॉ. रामकृष्ण राठौर को ज्ञापन सौंपा और चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो विद्यार्थी परिषद उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी कॉलेज प्रशासन की होगी।
महानगर मंत्री सुयश शुक्ला ने आरोप लगाया कि वर्षों से कॉलेज प्रशासन छात्रों की समस्याओं को नजरअंदाज करता आ रहा है। उन्होंने कहा कि छात्रों को डराने और दबाव बनाने का कार्य किया जाता रहा ताकि प्रशासन की कमियां उजागर न हो सकें। परिषद लगातार कॉलेज प्रशासन को समस्याओं से अवगत कराती रही, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई न होने के कारण कार्यकर्ताओं को आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा। एबीवीपी द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि परिषद छात्र हित और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर लगातार सक्रिय रहती है तथा छात्रों के बेहतर शैक्षिक वातावरण के लिए संघर्ष करती आई है। ज्ञापन में कॉलेज और हॉस्टल परिसर की बदहाल स्थिति को लेकर कई गंभीर समस्याएं उठाई गईं। परिषद ने मांग की कि इंटर्न छात्रों के लिए शासन के गजट के अनुसार उचित हॉस्टल व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। जर्जर हॉस्टल भवनों की मरम्मत कर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा सभी छात्रों को सुरक्षित आवास व्यवस्था दी जाए। कॉलेज परिसर में स्वच्छ कैंटीन, पेयजल, बिजली, शौचालय और सुरक्षा जैसी सुविधाओं को सुचारु रूप से संचालित करने की भी मांग की गई।
इसके साथ ही कॉलेज और हॉस्टल परिसर के आसपास फैली झाड़ियों और जंगल की सफाई कराने, नियमित कक्षाएं और प्रयोगात्मक कार्य संचालित कराने तथा छात्रों पर मानसिक दबाव और प्रताड़ना रोकने की मांग भी उठाई गई। परिषद ने कॉलेज गेट पर संचालित सिगरेट की दुकान और महाविद्यालय से करीब 250 मीटर दूरी पर खुली वाइन शॉप को भी गंभीर मुद्दा बताते हुए कार्रवाई की मांग की। कार्यकर्ताओं का कहना था कि शिक्षण संस्थान के आसपास इस प्रकार की दुकानों से शैक्षिक वातावरण प्रभावित हो रहा है। प्राचार्य डॉ. रामकृष्ण राठौर ने परिषद कार्यकर्ताओं को आश्वस्त करते हुए सभी समस्याओं के समाधान के लिए सोमवार तक का समय मांगा। प्रदर्शन के दौरान विभाग संगठन मंत्री निर्भय प्रताप, जिला संगठन मंत्री आकाश सिंह, महानगर सह मंत्री कल्याण चौधरी, श्याम शर्मा, देव पांडे, अर्पित अग्रवाल, प्रिंस लखेरा, सूर्य प्रताप, सक्षम गुप्ता, अमरजीत, शोभित द्विवेदी, अंकुश पाल, आनंदपाल, आयुष श्रीवास, हर्ष साहू, हर्षवर्धन साहू, अभिराज सिरोनिया, प्रवीण यादव, लवकुश पटेल, अप्रिय यादव, समीर रिछारिया, सक्षम राजपूत सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।