उप परिवहन आयुक्त ने एआरटीओ कार्यालय का किया निरीक्षण, बिना परमिट व मानकहीन वाहनों पर कार्यवाही के निर्देश
JHANSI NEWS: गुरुवार को उप परिवहन आयुक्त (परिक्षेत्र गोरखपुर) द्वारा सहायक सम्भागीय परिवहन कार्यालय, कुशीनगर का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित पाए गए। उप परिवहन आयुक्त महोदय द्वारा कार्यालय में समीक्षा बैठक कर विशेष रूप से स्कूली वाहनों की स्थिति की समीक्षा की गई। बैठक में बताया गया कि मुख्यमंत्री द्वारा स्कूली वाहनों की सुरक्षा एवं मानकों की समीक्षा की जा रही है। जनपद में कुल 203 स्कूली वाहनों के परमिट समाप्त पाए गए हैं। उप परिवहन आयुक्त महोदय ने निर्देशित किया कि ऐसे समस्त वाहनों को तत्काल परमिट से आच्छादित कराया जाए। साथ ही चेतावनी दी गई कि बिना परमिट संचालित होने वाले स्कूली वाहनों के विरुद्ध सख्त प्रवर्तन कार्यवाही करते हुए उन्हें निरुद्ध किया जाए। इसके अतिरिक्त जनपद में 168 स्कूली वाहनों की फिटनेस एवं पीयूसी समाप्त पाए जाने पर संबंधित विद्यालयों को नोटिस जारी किए गए हैं। समीक्षा के दौरान यह भी अवगत कराया गया कि UPISVMP पोर्टल पर जनपद के 1672 वाहन पंजीकृत हैं, जिनमें से 250 वाहनों को विद्यालय प्रबंधन द्वारा अभी तक ऑनबोर्ड नहीं किया गया है। इस पर समस्त विद्यालयों को निर्देशित किया गया कि वे तत्काल वाहनों को पोर्टल पर ऑनबोर्ड कराएं। सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी श्री मो० अजीम द्वारा बताया गया कि कार्यालय कर्मचारियों की ब्लॉकवार ड्यूटी लगाकर वाहनों का निरीक्षण कराया गया। UPISVMP पोर्टल के माध्यम से अब तक 1316 वाहनों का निरीक्षण किया जा चुका है, जिनमें 681 वाहनों में विभिन्न कमियां पाई गई हैं। इनमें परमिट, फिटनेस एवं अन्य तकनीकी कमियां शामिल हैं। संबंधित विद्यालय प्रबंधकों एवं प्रधानाचार्यों को डाक, ई-मेल एवं व्हाट्सएप के माध्यम से नोटिस प्रेषित किए गए हैं। निर्धारित समयावधि में कमियां दूर न किए जाने पर संबंधित वाहनों के विरुद्ध कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि जिन वाहनों का विवरण अपूर्ण है, उनका पुनः निरीक्षण कराया जाएगा। शासन द्वारा समस्त वाहनों की कमियां पूर्ण कराने हेतु 15 मई 2026 तक की समय-सीमा निर्धारित की गई है। उप परिवहन आयुक्त महोदय ने निर्देशित किया कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी वाहनों का पुनः निरीक्षण सुनिश्चित कराया जाए। निरीक्षण के दौरान उप परिवहन आयुक्त महोदय ने विभिन्न पटलों का भी निरीक्षण किया तथा कार्यालयीय कार्यों की समीक्षा की। सभी कर्मचारी अपने कार्य में संलग्न पाए गए तथा कार्यालय परिसर में कोई बाहरी व्यक्ति उपस्थित नहीं पाया गया। इस अवसर पर सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी मो० अजीम द्वारा अवगत कराया गया कि एनएच-28 फोरलेन, फाजिलनगर एवं पटेहरवा रोड पर प्रवर्तन कार्यवाही करते हुए बालू लदे वाहनों की जांच की गई। जांच के दौरान 06 वाहनों के विरुद्ध कार्यवाही करते हुए उन्हें कसया थाना में निरुद्ध किया गया। इन वाहनों पर कुल 2.50 लाख रुपये प्रशमन शुल्क अधिरोपित किया गया, जिसमें से 1.50 लाख रुपये की वसूली की जा चुकी है। आगे भी बालू लदे ओवरलोड वाहनों के विरुद्ध अभियान जारी रहेगा।



