एडवोकेट बाबू सिंह यादव एवं अनुराग नारायण मिश्रा के नेतृत्व में सौंपा गया ज्ञापन
FATEHPUR NEWS: फतेहपुर जिला बार एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष बाबू सिंह यादव एवं मंत्री अनुराग नारायण मिश्रा के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश शासन को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से सौंपा। ज्ञापन में सब रजिस्ट्रार (निबंधन) कार्यालय को पुरानी तहसील से हटाकर मौजा महापुर में स्थापित किए जाने के प्रस्ताव का विरोध करते हुए कलेक्ट्रेट परिसर में ही स्थापित किए जाने की मांग की गई। अधिवक्ताओं ने बताया कि वर्तमान में सब रजिस्ट्रार निबंधन कार्यालय पुरानी तहसील परिसर में संचालित हो रहा है, जबकि नगर पालिका द्वारा मौजा महापुर में भूमि आवंटित कर कार्यालय स्थानांतरित करने की प्रक्रिया चल रही है। साथ ही आयकर एवं बिक्री कर कार्यालयों को भी वहां स्थापित किए जाने का प्रस्ताव है। बार एसोसिएशन का कहना है कि प्रस्तावित स्थल मुख्यालय से लगभग 6 किलोमीटर दूर एवं सुनसान क्षेत्र में स्थित है, जहां आमजन, अधिवक्ताओं और वादकारियों के लिए आवागमन व सुरक्षा की समुचित व्यवस्था नहीं है। ऐसे में वहां कार्यालय स्थापित होने से लोगों को असुविधा होगी और भ्रष्टाचार व अवैध वसूली की आशंका भी बढ़ेगी। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि कलेक्ट्रेट परिसर में पर्याप्त भूमि उपलब्ध है, जहां सब रजिस्ट्रार निबंधन कार्यालय, आयकर एवं बिक्री कर कार्यालय स्थापित किए जा सकते हैं। इससे आम जनता को एक ही स्थान पर सभी आवश्यक सेवाएं मिल सकेंगी और पारदर्शिता भी बनी रहेगी। अधिवक्ताओं ने जनहित को ध्यान में रखते हुए मौजा महापुर में प्रस्तावित कार्यालयों को निरस्त कर कलेक्ट्रेट परिसर में स्थापित करने हेतु नया प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजने की मांग की। इस दौरान वरिष्ठ उपाध्यक्ष चंद्र प्रकाश गुप्ता, उपाध्यक्ष मंजुला राजपूत, गणेश प्रसाद तिवारी, कनिष्ठ उपाध्यक्ष पुष्पा देवी मौर्य, कोषाध्यक्ष सुनील कुमार गुप्ता, संयुक्त सचिव सतीश शर्मा, छाया देवी सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे।





