Home उत्तर प्रदेश जिलाधिकारी सख्त: 14 मई तक जाम से राहत दिलाएं अधिकारी

जिलाधिकारी सख्त: 14 मई तक जाम से राहत दिलाएं अधिकारी

JHANSI NEWS: शहर की बिगड़ती ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने के लिए जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी ने सख्त रुख अपनाते हुए एनएचएआई, नगर निगम और लोक निर्माण विभाग को 14 मई 2026 तक जाम से राहत दिलाने के निर्देश दिए हैं। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में शहर के प्रमुख जाम प्रभावित क्षेत्रों—मेडिकल बाईपास, सखी हनुमान मंदिर अंडरपास और रक्सा बाईपास—की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि खराब व संकरी सड़कें, सर्विस रोड की बदहाल स्थिति और अतिक्रमण जाम के मुख्य कारण हैं, जिन्हें प्राथमिकता से दुरुस्त किया जाए। रानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज क्षेत्र में टूटे डिवाइडर और खराब सड़क के चलते हो रही समस्या को देखते हुए लोक निर्माण विभाग को 10 मई तक मार्ग ठीक करने के निर्देश दिए गए। वहीं रक्सा बाईपास और अन्य प्रमुख मार्गों पर भी जल्द सुधार कार्य करने को कहा गया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि शहरवासियों को जाम से राहत दिलाना प्राथमिकता है। इसके लिए अतिक्रमण हटाने, पार्किंग व्यवस्था बेहतर करने और ऑटो-ई-रिक्शा संचालन को व्यवस्थित करने के निर्देश भी दिए गए.