Home उत्तर प्रदेश कार्यभार संभालते ही एक्शन मोड में दिखे डीएम सैमुअल पॉल एन

कार्यभार संभालते ही एक्शन मोड में दिखे डीएम सैमुअल पॉल एन

JAUNPUR NEWS: उत्तर प्रदेश शासन के बड़े प्रशासनिक फेरबदल के बाद जौनपुर को नया जिलाधिकारी मिल गया। शासन द्वारा 38 आईएएस अधिकारियों के तबादले में सैमुअल पॉल एन को जौनपुर की कमान सौंपी गई थी, जिन्होंने मंगलवार को जनपद पहुंचकर विधिवत अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया। नवागत जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन ने कोषागार कार्यालय पहुंचकर समस्त आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कीं। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि शासन की प्राथमिकताओं और जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। इसके साथ ही शिकायत निवारण प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाते हुए आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित कराया जाएगा। उन्होंने संकेत दिया कि जिले में विकास कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग, राजस्व एवं जनसुनवाई मामलों में तेजी तथा अधिकारियों की जवाबदेही तय करने पर विशेष जोर रहेगा। नए जिलाधिकारी के इस सख्त और स्पष्ट रुख से प्रशासनिक महकमे में हलचल तेज हो गई है। गौरतलब है कि सैमुअल पॉल एन वर्ष 2013 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। जौनपुर भेजे जाने से पहले वह कानपुर नगर में महत्वपूर्ण प्रशासनिक दायित्व संभाल रहे थे। सरकार ने उन्हें जौनपुर जैसे बड़े और संवेदनशील जिले की जिम्मेदारी सौंपकर प्रशासनिक व्यवस्था को नई गति देने का संकेत दिया है। कार्यभार ग्रहण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी रुव खाड़िया, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) परमानंद झा, मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अंबष्ट, वरिष्ठ कोषाधिकारी,जिला सूचना अधिकारी मनोकामना राय, सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। जिले में नए जिलाधिकारी के आगमन के साथ अब विकास कार्यों में तेजी, शिकायतों के निस्तारण में सख्ती और प्रशासनिक कार्यशैली में बदलाव की उम्मीदें बढ़ गई हैं।