एंटी रोमियो टीमों ने बाजारों व सार्वजनिक स्थलों पर चलाया अभियान
महिला सुरक्षा
FATEHPUR NEWS: पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में उत्तर प्रदेश शासन द्वारा संचालित ‘मिशन शक्ति 5.0 (फेज-2)’ के अंतर्गत जनपद के समस्त थानों की मिशन शक्ति एवं एंटी रोमियो टीमों द्वारा महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक किया गया। अभियान के तहत महिला सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसके साथ ही ग्राम चौपाल लगाकर ग्रामीणों से संवाद स्थापित किया गया और उनकी समस्याओं के त्वरित व विधिपूर्ण निस्तारण के प्रति जागरूक किया गया। शनिवार को अभियान के अंतर्गत टीमों ने बाजारों एवं सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर महिलाओं, बालिकाओं एवं आमजन को मिशन शक्ति 5.0 के द्वितीय चरण की जानकारी दी। इस दौरान महिलाओं के प्रति होने वाले अपराधों की रोकथाम, उनके अधिकारों की रक्षा तथा आत्मरक्षा के उपायों के बारे में विस्तार से बताया गया। कार्यक्रम के दौरान महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, चिकित्सा सेवा 108, बाल सहायता नंबर 1098, साइबर हेल्पलाइन 1930 तथा cybercrime.gov.in पोर्टल की जानकारी भी दी गई और जरूरत पड़ने पर इन सेवाओं का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।







