चार घायलों को कानपुर मेडिकल कॉलेज रेफर
FATEHPUR NEWS: जिले के किशनपुर थाना क्षेत्र के नरैनी गांव के पास शुक्रवार देर रात बारात से लौट रहा एक चार पहिया वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में वाहन सवार सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया गया। जानकारी के अनुसार गाजीपुर थाना क्षेत्र के मनीपुर गांव निवासी उमेश (35) पुत्र धनराज, शिवकरन उर्फ ननकवा (35) पुत्र भिक्खु, शानू (15) पुत्र महेंद्र पाल, शुखराज पाल, अतुल सिंह, अनुज तथा अनूप गांव निवासी नीरज की बारात में शामिल होने अकबरपुर बढ़वा गांव गए थे। देर रात सभी लोग वापस लौट रहे थे, तभी नरैनी गांव के समीप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में सभी सवार घायल हो गए। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां जिला अस्पताल में ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों ने उमेश और शिवकरन को मृत घोषित कर दिया। शानू को भर्ती कर लिया गया, जबकि अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद कानपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के भाई विशुन पाल ने बताया कि सभी लोग गांव से बारात में शामिल होने गए थे और लौटते समय यह हादसा हो गया, जिसमें उनके भाई सहित एक अन्य युवक की मौत हो गई।







