9 बैंक खातों में लेन-देन, 1.80 लाख फ्रीज—मुख्य सरगना फरार, तलाश जारी
JHANSI NEWS: जनपद में ऑनलाइन आईपीएल सट्टा माफियाओं के खिलाफ चल रही पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई के तहत गुरुवार को थाना सीपरी बाजार पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की। पुलिस ने दो सटोरियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 8 करोड़ रुपये से अधिक के क्वाइन्स का लेन-देन उजागर किया है। साथ ही 1 लाख 80 हजार रुपये बैंक खातों में फ्रीज कराए गए हैं और हजारों रुपये की नकदी भी बरामद की गई है। पुलिस को 29 अप्रैल की रात गश्त के दौरान सूचना मिली कि महेंद्रपुरी कॉलोनी स्थित एक घर में ऑनलाइन सट्टा खेला और खिलवाया जा रहा है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर छापा मारा। तलाशी के दौरान 4 स्मार्ट मोबाइल फोन बरामद हुए, जिनमें सट्टेबाजी से संबंधित वेबसाइट्स सक्रिय हालत में खुली मिलीं। जांच में इन प्लेटफॉर्म्स पर 8 करोड़ 05 लाख 49 हजार 138 क्वाइन्स के लेन-देन का खुलासा हुआ। मौके से पुलिस ने अंशुमान सिंह और अभिषेक पाठक को गिरफ्तार किया। दोनों के कब्जे से 5,320 रुपये नकद भी बरामद हुए। पुलिस ने इनके 9 बैंक खातों की जांच करते हुए सट्टे से जुड़े 1.80 लाख रुपये फ्रीज करा दिए। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि पूरे नेटवर्क का संचालन रवि कुशवाहा नामक व्यक्ति करता है, जो पठोरिया, थाना कोतवाली क्षेत्र का निवासी है और फिलहाल फरार है। वही वेबसाइट्स संचालित करता है और एजेंट व सुपर एजेंट आईडी उपलब्ध कराता है। इसी के जरिए सट्टे का पूरा लेन-देन होता है, जिसमें क्वाइन्स के माध्यम से हिसाब रखा जाता है। पुलिस के अनुसार, आरोपी फोनपे जैसे डिजिटल पेमेंट ऐप के जरिए रकम का आदान-प्रदान करते थे। मैच के दौरान लाइव घटनाओं—जैसे विकेट गिरना, रन बनना—पर सट्टा लगाया जाता था। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश चौबे, चौकी प्रभारी दिलीप पांडे, अनुराग शर्मा, उपनिरीक्षक सचिन मिश्रा, वंदना कश्यप सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। फरार सरगना की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम सक्रिय रूप से तलाश में जुटी है।







