SIDHARTHNAGAR NEWS: शोहरतगढ़ तहसील क्षेत्र अंतर्गत गुरुवार को उपजिलाधिकारी विवेकानंद मिश्रा एवं क्षेत्राधिकारी मयंक द्विवेदी ने बढ़नी स्थित विजय ऑटो मोबाइल, मलगहिया सहित विभिन्न पेट्रोल पंपों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पेट्रोल-डीजल की उपलब्धता, स्टॉक रजिस्टर, वितरण प्रणाली एवं भीड़ प्रबंधन की स्थिति का विस्तृत जायजा लिया तथा पंप संचालकों को व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में ईंधन की पर्याप्त उपलब्धता है और किसी प्रकार की कमी नहीं है। इस दौरान अधिकारियों ने आमजन से अपील की कि अफवाहों पर ध्यान न दें तथा अनावश्यक भीड़ एकत्र न करें। वहीं, नेपाल से आकर ईंधन की खरीद कर संभावित तस्करी की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए क्षेत्राधिकारी ने बढ़नी बॉर्डर पर पहुंचकर नेपाल से आने-जाने वाले भारतीय नंबर प्लेट के वाहनों एवं बाइकों की सघन जांच कराई। उन्होंने कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु कड़े निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि या तस्करी को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। क्षेत्राधिकारी ने यह भी कहा कि किसी भी प्रकार की शिकायत सीधे उनके संज्ञान में लाई जा सकती है, जिस पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। क्षेत्राधिकारी शोहरतगढ़ की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत त्वरित कार्रवाई की कार्यशैली की क्षेत्र में व्यापक सराहना हो रही है।







