MIRZAPUR NEWS: जनपद के चर्चित अधिवक्ता राजीव कुमार सिंह उर्फ रिंकू सिंह की 15 अप्रैल 2026 को सरेआम हत्या की घटना पर आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रभारी एवं सांसद संजय सिंह ने गहरा दुख व्यक्त किया है। आम आदमी पार्टी के प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं मिर्जापुर निवासी सुनील कुमार पांडे एडवोकेट ने नई दिल्ली में सांसद संजय सिंह से उनके आवास पर मुलाकात कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। इस दौरान सांसद संजय सिंह ने पीड़ित परिवार से फोन पर वार्ता कर शोक संवेदना व्यक्त करते हुए मृतक आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। सांसद संजय सिंह ने आश्वासन दिया कि आम आदमी पार्टी मजबूती से पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि इस मामले में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर मृतक अधिवक्ता के परिजनों को एक करोड़ रुपये की सरकारी सहायता देने की मांग की जाएगी। साथ ही हत्यारों पर कठोरतम कार्रवाई की भी मांग उठाई जाएगी। सांसद संजय सिंह ने कहा कि अधिवक्ता समाज के साथ इस प्रकार की घटना बर्दाश्त के बाहर है। आम आदमी पार्टी अधिवक्ता समाज के साथ है।







