KAUSHAMBI NEWS: कड़ा ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय हिसामपुर पर सखी में मंगलवार को शहजादपुर संकुल की शिक्षक संकुल बैठक आयोजित की गई। बैठक में नए शैक्षणिक सत्र के पहले 30 दिनों की कार्य योजना को प्रभावी ढंग से लागू करने पर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में साझा की गई जानकारी के अनुसार सत्र के शुरुआती 30 दिन बच्चों की शैक्षिक नींव को मजबूत करने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होते हैं। इस दौरान विद्यालयवार नामांकन की समीक्षा करने, ड्रॉपआउट व आउट-ऑफ-स्कूल बच्चों को चिन्हित कर पुनः विद्यालय से जोड़ने तथा शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। साथ ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षण व्यवस्था लागू करने और बच्चों के सीखने के स्तर के अनुसार अध्यापन कराने की रणनीति बनाई गई।
पूर्व एआरपी रामकृष्ण साहू ने कार्य योजना के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि विद्यालय में बच्चों के प्रवेश के समय स्वागतपूर्ण और उत्सव जैसा वातावरण बनाया जाना चाहिए, जिससे उनका विद्यालय के प्रति लगाव बढ़े। उन्होंने शुरुआती दिनों में सरल आकलन के माध्यम से बच्चों के शैक्षिक स्तर की पहचान कर उसी आधार पर शिक्षण कार्य संचालित करने की आवश्यकता बताई।
संकुल शिक्षिका रिया सेठी ने कार्य योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर अपने विचार साझा करते हुए गतिविधि आधारित शिक्षण, भाषा व गणित पर विशेष फोकस, टीएलएम के उपयोग व अभिभावकों से निरंतर संपर्क बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने साप्ताहिक रोचक गतिविधियों, समूह कार्य, कहानी-कविता व खेल आधारित शिक्षण को बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक बताया। “स्माइल वॉल” और “बडी सिस्टम” जैसी पहल को भी बच्चों में आत्मविश्वास व सहभागिता बढ़ाने में सहायक बताया गया। बैठक के दौरान शिक्षिका माया सिंह ने टीएलएम के माध्यम से प्रभावी शिक्षण की प्रस्तुति दी गई, जिसे उपस्थित शिक्षकों ने सराहा। वहीं कुछ छात्र-छात्राओं के प्रस्तुत कार्यक्रमों ने आयोजन में उत्साह का संचार किया।
इस अवसर पर विद्यालय की कक्षा एक व दो के निपुण हुए छात्र-छात्राओं को उत्तर प्रदेशीय शिक्षक संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अरुण कुमार मिश्र ने प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इससे बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ा और अन्य विद्यार्थियों को भी प्रेरणा मिली।
कार्यक्रम का संचालन बीरेंद्र कुमार ने किया। बैठक में शिक्षक मनोज द्विवेदी, प्रदीप सिंह, कमलेश कुमारी, अजरा मुस्तफा, नीलम मौर्य, संध्या देवी पटेल, शिवबरन, सीमा सरोज, वीरेंद्र सिंह, राजवंत, धीरेंद्र सिंह, विद्यानिवास पांडेय, राकेश सिंह, सहित संकुल के सभी शिक्षक, शिक्षामित्र व अनुदेशक मौजूद रहे। अंत में सभी ने 30 दिन की कार्य योजना को सफल बनाने का संकल्प लिया।







