KAUSHAMBI NEWS: राजकीय महाविद्यालय सिराथू में “नारी शक्ति वंदन अधिनियम–2023 (महिला आरक्षण अधिनियम)” के अंतर्गत सोमवार को जागरूकता कार्यक्रमों की श्रृंखला में साइकिल यात्रा एवं सैंड आर्ट का आयोजन प्राचार्य प्रो. संजय प्रसाद शर्मा के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिला सशक्तिकरण, समान अधिकार एवं सामाजिक भागीदारी के प्रति जनजागरूकता फैलाना रहा। कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित साइकिल यात्रा में छात्र-छात्राओं एवं प्राध्यापकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए महिला अधिकारों के समर्थन में जन-जन तक संदेश पहुँचाया। प्रतिभागियों ने बैनर एवं नारों के माध्यम से समाज को जागरूक किया। वहीं महाविद्यालय परिसर में छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सैंड आर्ट ने सभी का ध्यान आकर्षित किया, जिसमें नारी शक्ति, समानता एवं अधिकारों को सृजनात्मक रूप में दर्शाया गया। इस अवसर पर प्राचार्य प्रो. संजय प्रसाद शर्मा ने अपने उद्बोधन में कहा कि, “नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं को सामाजिक, शैक्षिक एवं राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है। जब महिलाएं निर्णय प्रक्रिया में सक्रिय रूप से भाग लेंगी, तभी राष्ट्र का समग्र विकास संभव हो सकेगा। युवाओं को चाहिए कि वे इस जागरूकता अभियान को जन-जन तक पहुँचाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।” वहीं डॉ. उत्तम कुमार शुक्ला ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि, “महिला सशक्तिकरण केवल कानून तक सीमित नहीं, बल्कि समाज में जागरूकता और सकारात्मक सोच विकसित करने से ही संभव है। यह अधिनियम महिलाओं को समान अवसर और सम्मान प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।” कार्यक्रम के सफल आयोजन में डॉ. जसविन्दर कौर (प्रभारी, मिशन शक्ति) की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम में प्रो. मीरा पाल, प्रो. स्मिता पॉल, अय्यूब अहमद, डॉ. धर्मेन्द्र सिंह, डॉ. जसविन्दर कौर एवं डॉ. विपुल सिंह सहित महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकगण, कर्मचारीगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
Home उत्तर प्रदेश राजकीय महाविद्यालय सिराथू में ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम–2023’ के तहत साइकिल यात्रा...







