Home उत्तर प्रदेश नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में भाजपा की स्कूटी-बाइक रैली, महिला...

नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में भाजपा की स्कूटी-बाइक रैली, महिला आरक्षण बिल को बताया ऐतिहासिक कदम

LAKHIMPUR KHERI NEWS: नारी शक्ति वंदन अधिनियम अभियान के तहत भाजपा द्वारा बुधवार को नगर में महिलाओं की भव्य स्कूटी-बाइक रैली निकाली गई। इसके साथ ही हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया। रैली को विलोबी मैदान से जिला अध्यक्ष अरविंद गुप्ता एवं नारी शक्ति वंदन अभियान की संयोजक व जिला उपाध्यक्ष आशू मिश्रा ने झंडी दिखाकर नगर भ्रमण के लिए रवाना किया।
महिला आरक्षण से मजबूत होगा लोकतंत्र
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष अरविंद गुप्ता ने कहा कि भारतीय लोकतंत्र की मजबूती के लिए संसद में प्रस्तुत महिला आरक्षण बिल के माध्यम से देश की आधी आबादी को सांसद एवं विधानसभा में प्रतिनिधित्व मिल सकेगा, जिससे वह अपने लोकतांत्रिक अधिकारों का प्रयोग कर देश को आगे बढ़ा सकेंगी। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी तथा भाजपा नेतृत्व को इस ऐतिहासिक कदम के लिए बधाई दी।
महिलाओं में उत्साह की लहर
नारी शक्ति वंदन अधिनियम की जिला संयोजक आशू मिश्रा ने कहा कि यह एक ऐतिहासिक कदम है। इससे महिलाओं में उत्साह की लहर दौड़ेगी क्योंकि अब उन्हें उनका उचित प्रतिनिधित्व संवैधानिक रूप से मिल सकेगा।
सम्मान के लिए बड़ा कदम
कार्यक्रम में महिला आयोग की सदस्य सुनीता कुमारी ने भी खुशी जाहिर करते हुए इसे महिलाओं के सम्मान के लिए उठाया गया एक बड़ा कदम बताया। जिला उपाध्यक्ष श्रीमती किरण अग्रवाल ने कहा कि महिलाएं घर से लेकर संसद तक में अब अपनी आवाज उठाने में सक्षम हो सकेंगी। इसके लिए उन्होंने भाजपा नेतृत्व का आभार जताया।
प्रमुख मार्गों से गुजरी रैली
कार्यक्रम के संयोजक जिला मंत्री शरद मिश्रा रहे। स्कूटी-बाइक रैली विलोबी मैदान से शुरू होकर नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए श्री राम चौराहा, संकटा देवी मार्ग से गुजरी और पुनः विलोबी मैदान में आकर संपन्न हुई। रैली में संगीता पुरी, संतोष कुमारी, रश्मि गुप्ता, सहसंयोजक अनीता निगम, महिला मोर्चा अध्यक्ष मंजू लता श्रीवास्तव, वरिष्ठ भाजपा नेता कुलभूषण सिंह, उमेश शुक्ला, जिला मीडिया प्रभारी रमेश चंद्र मिश्रा, जिला उपाध्यक्ष जितेंद्र साहनी, नगर पालिका अध्यक्ष डॉक्टर इरा श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता व भाजपा पदाधिकारी शामिल रहे।