छात्रा ममता भारती 97% अंकों के साथ जिले में अव्वल
LAKHIMPUR KHERI NEWS: फूलबेहड़ स्थित हरिमाया इंटरनेशनल स्कूल ने CBSE बोर्ड कक्षा-12 परीक्षा सत्र 2025-26 में लगातार सातवीं बार शत-प्रतिशत परिणाम देकर सफलता का परचम लहराया है। विद्यालय के छात्रों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए न सिर्फ स्कूल बल्कि पूरे जिले का नाम रोशन किया।
टॉपर्स ने रचा इतिहास
विद्यालय की छात्रा ममता भारती ने 97% अंक हासिल कर जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया और साबित कर दिया कि बेटियां किसी से कम नहीं हैं। साइमा ने 89% अंकों के साथ बेहतरीन प्रदर्शन किया। वहीं अर्शदीप सिंह ने 87% अंक लाकर न केवल विद्यालय बल्कि पूरे फूलबेहड़ ब्लॉक में अपने माता-पिता का मान बढ़ाया। इसके अलावा 9 विद्यार्थियों ने 86% से 90% के बीच अंक प्राप्त कर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई। सफल विद्यार्थियों ने अपनी कामयाबी का श्रेय माता-पिता, गुरुजनों एवं विद्यालय को दिया। छात्रों ने कहा, “गुरु के महत्व को नकारा नहीं जा सकता। सभी के आशीर्वाद और मोबाइल से दूरी के कारण ही यह सफलता संभव हुई है।”
JEE और CLAT में भी लहराया परचम
विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि CBSE से मान्यता मिलने के बाद यह 7वां बैच था और हर सत्र में शत-प्रतिशत परिणाम रहा है। इसी सत्र में विद्यालय के 7 विद्यार्थियों का चयन JEE Main में हुआ है। साथ ही CLAT जैसी कठिन परीक्षा में भी छात्रों ने सफलता पाई है। इससे पूर्व भी यहां से उत्तीर्ण छात्र अन्य राज्यों में तकनीकी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। प्रबंधक ने कहा, “हम हरिमाया इंटरनेशनल स्कूल को तकनीक आधारित शिक्षा और विशेष तैयारी के माध्यम से छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं। इसी मॉडल के कारण हम लगातार उत्कृष्ट परिणाम दे पा रहे हैं।” विद्यालय परिवार ने सभी सफल विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।







