SIDHARTHNAGAR NEWS: बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा लोहिया कला भवन में आयोजित निपुण सम्मान समारोह में जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में विधायक ध्रुव कुमार त्रिपाठी ने कहा कि परिश्रम कभी व्यर्थ नहीं जाता और निरंतर प्रयास से विद्यालयों को निपुण बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि शिक्षक ही समाज के निर्माता हैं तथा स्वस्थ प्रतिस्पर्धा से गुणात्मक प्रगति संभव है। उन्होंने कहा कि आज के बच्चे ही देश का भविष्य हैं, इसलिए उन्हें अच्छे संस्कारों के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना आवश्यक है। सभी शिक्षक योग्य हैं और उन्हें अपनी क्षमता का उपयोग बच्चों के बेहतर भविष्य के निर्माण में करना चाहिए। सांसद प्रतिनिधि एसपी अग्रवाल ने शिक्षकों को नामांकन बढ़ाने और अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा से करने के लिए प्रेरित किया। मुख्य विकास अधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि वह स्वयं प्राथमिक विद्यालय से शिक्षित हैं और यदि शिक्षक संकल्प लें तो एक स्वस्थ व शिक्षित समाज का निर्माण संभव है। समारोह में जनपद के 533 विद्यालयों को निपुण सम्मान प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। सदर विधायक श्यामधनी राही ने भी मजबूत राष्ट्र निर्माण में शिक्षकों की भूमिका पर जोर देते हुए बच्चों को शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा अतिथियों का स्वागत किया गया। इस दौरान एसआरजी अंशुमन सिंह ने निपुण विद्यालय बनाने की रणनीतियों पर प्रकाश डाला, जबकि अपूर्व श्रीवास्तव ने प्री-प्राइमरी व कक्षा एक के नवप्रवेशी बच्चों को विद्यालय के प्रति सहज बनाने में शिक्षकों की भूमिका स्पष्ट की। इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी रामु प्रसाद, महेंद्र प्रसाद, नीरज सिंह, धर्मेंद्र पाल, ओपी मिश्रा, जिला समन्वयक सुरेंद्र श्रीवास्तव, अमित पाण्डेय, अमित शुक्ला, करुणापति त्रिपाठी, आशीष कुमार सिंह, कार्तिकेय पांडे सहित एआरपी सत्येंद्र सिंह, मारुति नंदन व उत्कर्ष श्रीवास्तव सहित अनेक शिक्षक व अधिकारी उपस्थित रहे।







