Home उत्तर प्रदेश डिप्थीरिया रोकथाम को लेकर स्कूल आधारित टीकाकरण अभियान 20 अप्रैल से

डिप्थीरिया रोकथाम को लेकर स्कूल आधारित टीकाकरण अभियान 20 अप्रैल से

SIDHARTHNAGAR NEWS: जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में डिप्थीरिया आउटब्रेक की रोकथाम के लिए स्कूल आधारित टीडी/डीपीटी टीकाकरण अभियान को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद के सभी विकासखण्डों में 20, 21, 23, 24, 27, 28 व 30 अप्रैल 2026 को यह विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत सरकारी व निजी विद्यालयों तथा मदरसों में डीपीटी-2 बूस्टर (कक्षा 1, 5-6 आयु वर्ग), टीडी-10 (कक्षा 4-5, 10 वर्ष आयु वर्ग) और टीडी-16 (कक्षा 10-11, 16 वर्ष आयु वर्ग) के बच्चों को अतिरिक्त डोज से आच्छादित किया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिया कि ब्लॉक स्तरीय समन्वय बैठक व संवेदीकरण 16 अप्रैल तक, स्कूलों की कार्ययोजना 17 अप्रैल तक तथा जनपद स्तरीय कार्ययोजना 18 अप्रैल तक अनिवार्य रूप से पूर्ण कर ली जाए, ताकि अभियान का संचालन सुचारू ढंग से हो सके। बैठक में सर्वाइकल कैंसर के प्रति भी जागरूकता पर जोर दिया गया। बताया गया कि भारत में महिलाओं में यह दूसरा सबसे आम कैंसर है, जिसके लगभग 99.7 प्रतिशत मामले एचपीवी (ह्यूमन पैपीलोमा वायरस) के कारण होते हैं। इसके बचाव के लिए जनपद के जिला चिकित्सालय समेत सभी सामुदायिक व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर 14-15 वर्ष की बालिकाओं का निःशुल्क एचपीवी टीकाकरण किया जा रहा है। जिलाधिकारी ने आमजन से अपील की कि अधिक से अधिक बालिकाएं इसका लाभ उठाएं। बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डा. आर. के. चौरसिया, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. वी.एन. चतुर्वेदी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी, सभी अधीक्षक/प्रभारी चिकित्साधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।