हजारों श्रद्धालु होंगे शामिल, केंद्रीय मंत्री समेत कई दिग्गज करेंगे जनसम्बोध
JAUNPUR NEWS: जनपद में भगवान निषादराज के जन्मोत्सव को लेकर इस वर्ष अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिल रहा है। भगवान निषाद राज जनसेवा समिति, जोगियापुर के तत्वावधान में आयोजित होने वाले इस भव्य आयोजन की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। आयोजन के तहत नगर में एक विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। समिति के पदाधिकारियों के अनुसार शोभायात्रा का शुभारंभ जौनपुर जंक्शन (भंडरिया स्टेशन) से होगा। गाजे-बाजे, भक्ति गीतों और आकर्षक झांकियों के साथ यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए जोगियापुर स्थित शास्त्री पुल के नीचे भगवान निषादराज मंदिर पर पहुंचकर संपन्न होगी। यात्रा में भगवान निषादराज और भगवान श्रीराम के जीवन प्रसंगों पर आधारित झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री राज भूषण चौधरी निषाद शामिल होंगे। इसके अलावा सांसद डॉ. विनोद बिंद, लेखराज निषाद, खुशबू निषाद, राज्य मंत्री गिरीश चंद्र यादव, पूर्व सांसद धनंजय सिंह तथा नगर पालिका परिषद अध्यक्ष मनोरमा मौर्य समेत कई प्रमुख राजनीतिक व सामाजिक हस्तियां कार्यक्रम में मौजूद रहेंगी। शोभायात्रा के उपरांत सभी अतिथि जनसभा को संबोधित करेंगे। प्रेस वार्ता में समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष धर्मेंद्र निषाद ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी जन्मोत्सव को भव्य स्वरूप दिया गया है। कार्यक्रम संयोजक राजकुमार बिंद ने कहा कि सुरक्षा व व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन को पूर्व में ही अवगत करा दिया गया है और मंदिर परिसर में तैयारियां अंतिम चरण में हैं। समिति के पदाधिकारियों नीरज निषाद, शिवपूजन निषाद, आनंद निषाद, सभासद बच्चा, रमेश निषाद व मुकेश निषाद ने बताया कि शोभायात्रा में 20 से 30 हजार श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है। कार्यक्रम में भोजपुरी जगत के कलाकार आरोही साहनी, प्रिया तिवारी, प्रदीप निषाद व दिनकर जोगी अपनी प्रस्तुतियों से समां बांधेंगे। जोगियापुर क्षेत्र समेत पूरे नगर में आयोजन को लेकर जबरदस्त उत्साह और तैयारियों की झलक साफ देखी जा रही है।







