मुख्य मार्ग जाम, पुलिस ने शव भेजा पोस्टमार्टम को
सरकारी दवा बेचने का वीडियो भी वायरल, फिर भी नहीं हुई कार्रवाई
KUSHINAGAR NEWS: सीएचसी कप्तानगंज में स्टाफ नर्स की लापरवाही से एक बार फिर जच्चा-बच्चा की मौत का मामला सामने आया है। इससे आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल के बाहर हंगामा कर मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। खोटही भरपटिया निवासी गम्हा राजभर ने अपनी पत्नी अंजू देवी को डिलीवरी के लिए सी एच सी कप्तानगंज में भर्ती कराया था। आरोप है कि स्टाफ नर्स मीरा राय की लापरवाही के कारण मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे जच्चा और बच्चा दोनों की मौत हो गई। मृत्यु की खबर मिलते ही परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया और अस्पताल के सामने मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने समझा-बुझाकर जाम खुलवाया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों का आरोप है कि स्टाफ नर्स मीरा राय पर पहले भी लापरवाही के आरोप लग चुके हैं। कुछ दिन पहले उनका सरकारी दवा बेचने का वीडियो भी वायरल हुआ था, जिसमें उन्होंने खुद दवा बेचने की बात स्वीकार कर पैसे वापस करने का भरोसा दिया था। स्थानीय लोगों ने कहा कि इतनी घटनाओं के बाद भी स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्टाफ नर्स पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिसके चलते आज फिर एक परिवार उजड़ गया। फिलहाल पुलिस ने परिजनों को न्याय दिलाने का भरोसा दिलाते हुए कहा की पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद जिसे दोषी पाया गया उसपर विधिक कार्रवाई की जाएगी।







