Home उत्तर प्रदेश दिव्य यादव की कप्तानी में कौशांबी वॉरियर्स बनी चैंपियन, रोमांचक फाइनल में...

दिव्य यादव की कप्तानी में कौशांबी वॉरियर्स बनी चैंपियन, रोमांचक फाइनल में 3 विकेट से जीता खिताब

KAUSHAMBI NEWS: नेवादा के विद्या भारती  क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का समापन रोमांचक फाइनल मुकाबले के साथ हुआ, जिसमें कौशांबी वॉरियर्स ने परफेक्ट प्रतापगढ़ की टीम  को 3 विकेट से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। कप्तान दिव्य यादव के नेतृत्व में टीम ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया और फाइनल में भी संयम व आक्रामकता का बेहतरीन संतुलन दिखाया। फाइनल मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए परफेक्ट प्रतापगढ़ की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 135 रन बनाए। टीम की ओर से विकाश ने सर्वाधिक 29 रन बनाए, जबकि कप्तान विजय मिश्रा ने 18 रन का योगदान दिया। अन्य बल्लेबाजों ने छोटी-छोटी पारियां खेलकर स्कोर को 135 तक पहुंचाया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी कौशांबी वॉरियर्स की शुरुआत साधारण रही। कप्तान दिव्य यादव 13 रन बनाकर आउट हुए, वहीं अवनीश यादव ने 19 और सर्वेश ने 15 रन बनाए। शुरुआती झटकों के बावजूद मध्यक्रम के बल्लेबाजों ने टीम को संभाला और मुकाबले में बनाए रखा। इसी बीच कृष्णा प्रकाश सिंह ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए महज 18 गेंदों में 42 रन की तूफानी पारी खेली, जिसमें 5 छक्के शामिल रहे। उनकी इस पारी ने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। अंत में पवन कुमार ने संयमित बल्लेबाजी करते हुए टीम को 17.2 ओवर में 139/7 तक पहुंचाकर जीत दिला दी।
टीम की इस जीत में अवनीश यादव, अवधेश, सर्वेश, अरशद, बत्रा, अनुज, आलोक, विपिन, मनोज, राजेश, जय, अरुण, सुरेश और विमल का भी अहम योगदान रहा। मैच का आंखों देखा हाल रघुनाथ द्विवेदी ने सुनाया, जबकि अंपायर की भूमिका मोहित और अजय ने निभाई। फाइनल मुकाबले में शानदार प्रदर्शन के लिए कृष्णा प्रकाश सिंह को मैन ऑफ द मैच चुना गया, जबकि पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए दिव्य यादव को प्लेयर ऑफ द सीरीज और बेस्ट बैट्समैन का खिताब दिया गया। वहीं रजनीश को बेस्ट बॉलर और कृष्णा प्रकाश सिंह को इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट घोषित किया गया। इस जीत के साथ कौशांबी वॉरियर्स ने न केवल ट्रॉफी पर कब्जा जमाया, बल्कि दर्शकों को एक यादगार और रोमांच से भरपूर मुकाबला भी देखने को मिला।