कार्यकर्ताओं को जन-जन तक पार्टी की नीतियां पहुंचाने के निर्देश
FATEHPUR NEWS: जिला व शहर कांग्रेस कमेटी की संयुक्त मासिक बैठक शुक्रवार को ज्वालागंज स्थित कांग्रेस कार्यालय में आयोजित की गई। लगभग तीन घंटे तक चली इस बैठक में संगठन की मजबूती, बूथ स्तर तक सक्रियता बढ़ाने और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिला अध्यक्ष महेश द्विवेदी और शहर अध्यक्ष आरिफ गुड्डा ने पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों के बूथों पर जाकर संगठन की स्थिति का आकलन करें और पार्टी की विचारधारा को आमजन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाएं। बैठक में विभिन्न वक्ताओं ने संगठन की मजबूती को लेकर अपने विचार रखे। पूर्व अध्यक्ष पप्पू पाल, उपाध्यक्ष सुधाकर अवस्थी, महामंत्री साजिया खान, कलीम उल्ला सिद्दीकी, प्रवक्ता देवी प्रकाश दुबे और सैयद सहाब अली ने ग्रामीण क्षेत्रों में संगठन को और अधिक सशक्त बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया। वहीं शहर अध्यक्ष आरिफ गुड्डा ने अपने संबोधन में कहा कि संगठन में व्यक्तिगत प्रत्याशिता से ऊपर उठकर पार्टी को मजबूत करना प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार राहुल गांधी ने जनता के बीच जाकर देश के ज्वलंत मुद्दों को उठाया और संसद में मजबूती से अपनी आवाज बुलंद की, वह सभी कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने आगे कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की मजबूती का श्रेय राहुल गांधी और प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के नेतृत्व को जाता है और कार्यकर्ताओं को उसी मार्ग पर आगे बढ़ना चाहिए। जिला अध्यक्ष महेश द्विवेदी ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में कहा कि भाजपा सरकार की कार्यशैली अब जनता के बीच उजागर हो चुकी है और लोगों में असंतोष बढ़ रहा है। ऐसे में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि वे जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझें और उन्हें उचित मंच तक पहुंचाएं। उन्होंने संगठन में अनुशासन और सक्रियता को अनिवार्य बताते हुए स्पष्ट किया कि अनुशासनहीनता और निष्क्रियता किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में महामंत्री शकीला बानो, शोभा दुबे, रेखा पासवान, जेपी पासवान, अंकुर अवस्थी, चौधरी मोइन राइन, ओम प्रकाश कोरी, पंडित राम नरेश महाराज, आनंद सिंह गौतम, अजय बच्चा, डॉ. अब्दुल हमीद, नसीम अंसारी, शहवाज, वकील खान, मोहम्मद हबीब, सलीम शेख, निजामुद्दीन, कौशल कुमार शुक्ला, अकरम काले, हम्माद हुसैन सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।







