Home उत्तर प्रदेश पुलिस को मिली नई ताकत, यूपी-112 के लिए दो इनोवा क्रिस्टा वाहन...

पुलिस को मिली नई ताकत, यूपी-112 के लिए दो इनोवा क्रिस्टा वाहन शामिल

एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

रिस्पॉन्स टाइम कम करने और कानून व्यवस्था मजबूत करने की पहल
FATEHPUR NEWS: जनपद में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत यूपी-112 आपातकालीन सेवा के लिए दो नए चार पहिया इनोवा क्रिस्टा वाहन शामिल किए गए। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने इन वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी लाइन प्रगति यादव, प्रतिसार निरीक्षक राजेश कुमार सिंह, प्रभारी यूपी-112 राम केवल पटेल सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक ने सभी वाहनों को यूपी-112 सेवा के संचालन हेतु विधिवत रवाना किया। बताया गया कि इन नए वाहनों को विशेष रूप से शहरी एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में तैनात किया जाएगा, जिससे आपात स्थितियों में पुलिस की त्वरित पहुंच सुनिश्चित हो सके। इससे न केवल रिस्पॉन्स टाइम में कमी आएगी, बल्कि आमजन को समयबद्ध और प्रभावी पुलिस सहायता भी उपलब्ध हो सकेगी। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने कहा कि आधुनिक संसाधनों से लैस यूपी-112 सेवा को और अधिक सशक्त बनाने के लिए यह कदम उठाया गया है। इन वाहनों के संचालन से पुलिस की कार्यक्षमता में वृद्धि होगी और अपराध नियंत्रण के साथ-साथ कानून व्यवस्था को बनाए रखने में मदद मिलेगी। साथ ही इससे आमजन में सुरक्षा की भावना भी मजबूत होगी। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों को वाहनों के बेहतर रखरखाव, समय पर संचालन और प्रभावी उपयोग के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए, ताकि सेवा का लाभ अधिकतम लोगों तक पहुंच सके।