Home उत्तर प्रदेश प्रवेशोत्सव, नव नामांकन व वार्षिकोत्सव का भव्य आयोजन, बच्चों का तिलक कर...

प्रवेशोत्सव, नव नामांकन व वार्षिकोत्सव का भव्य आयोजन, बच्चों का तिलक कर हुआ स्वागत

KAUSHAMBI NEWS: विकास खंड सिराथू के प्राथमिक विद्यालय भदवां में नवीन शैक्षिक सत्र के अवसर पर प्रवेशोत्सव, नव नामांकन व  वार्षिकोत्सव कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय परिसर उत्सव जैसा माहौल दिखाई दिया, जहां बच्चों, अभिभावकों व शिक्षकों में खासा उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी डॉ. प्रज्ञा सिंह  रहीं। उन्होंने नवप्रवेशी बच्चों का तिलक लगाकर, माला पहनाकर व मिठाई खिलाकर आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों को निःशुल्क पाठ्य पुस्तकें वितरित कीं और अभिभावकों से बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने की अपील की। साथ ही मेधावी छात्रों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया, जिससे अन्य बच्चों में भी बेहतर प्रदर्शन की प्रेरणा जगी। कार्यक्रम के तहत आयोजित वार्षिकोत्सव में विद्यालय की छात्राओं ने स्वागत गीत, नृत्य व  अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। बच्चों की प्रस्तुतियों पर अभिभावकों ने तालियां बजाकर उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर डायट से आए मेंटर संदीप तिवारी व डॉ. सुरेश मिश्रा ने शिक्षकों को शिक्षण कार्य को और प्रभावी बनाने के लिए नवीन शैक्षणिक विधियों व  तकनीकों की जानकारी दी। उन्होंने निपुण भारत मिशन के लक्ष्यों को प्राप्त करने पर विशेष जोर दिया। एसआरजी ओमप्रकाश सिंह ने खेल-खेल में शिक्षा देने की पद्धति को अपनाने पर बल देते हुए कहा कि इससे बच्चों की सीखने की क्षमता में तेजी से वृद्धि होती है। कार्यक्रम में एआरपी ओमप्रकाश, शालिनी व  सुरेंद्र की भी सक्रिय सहभागिता रही। कार्यक्रम का सफल संचालन विद्यालय के प्रधानाध्यापक सुनील कुमार रहना के नेतृत्व में किया गया। उन्होंने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए विद्यालय की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।