Home उत्तर प्रदेश शिक्षकों को एक प्रभावी फैसिलिटेटर के रूप में विकसित होने की आवश्यकता-जकारिया

शिक्षकों को एक प्रभावी फैसिलिटेटर के रूप में विकसित होने की आवश्यकता-जकारिया

5
0

सेंट थॉमस स्कूल में शिक्षकों के लिए ओरिएंटेशन कार्यक्रम 2026 का सफल आयोजन
प्रयागराज।सेंट थॉमस स्कूल, की ओर से शिक्षक उन्मुखीकरण(व्तपमदजंजपवद) कार्यक्रम2026 का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम शिक्षकों के सतत व्यावसायिक विकास तथा बदलते शैक्षिक परिदृश्य के अनुरूप उनकी दक्षताओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता  जॉर्ज जकारिया, एक प्रतिष्ठित लर्निंग ट्रांसफॉर्मेशन विशेषज्ञ एवं ऑर्गनाइजेशनल डेवलपमेंट स्ट्रैटेजिस्ट रहे। अपने संबोधन में उन्होंने पारंपरिक शिक्षण पद्धतियों से आगे बढ़ते हुए शिक्षकों को एक प्रभावी फैसिलिटेटर के रूप में विकसित होने की आवश्यकता पर बल दिया, ताकि वे विद्यार्थियों को भविष्य के लिए तैयार कर सकें।
दो दशकों से अधिक के अपने अनुभव के आधार पर श्री जकारिया ने अत्यंत संवादात्मक सत्रों के माध्यम से आधुनिक शिक्षण तकनीकों, छात्र-केंद्रित दृष्टिकोण तथा परिणामोन्मुख शिक्षण पद्धतियों को विस्तार से समझाया। उन्होंने ब्लूम्स टैक्सोनॉमी की अवधारणा को सरल एवं व्यावहारिक ढंग से प्रस्तुत करते हुए बताया कि किस प्रकार यह विद्यार्थियों में उच्च स्तर की चिंतन क्षमता और सृजनात्मकता का विकास करती है।
अपने विचारों को प्रभावशाली बनाने के लिए उन्होंने प्रेरणादायक शिक्षकों के उदाहरण प्रस्तुत किए, जिनमें आनन्द कुमार (सुपर 30 के संस्थापक), रणजीत सिंह डिसाले (ग्लोबल टीचर अवॉर्ड 2020 के विजेता) तथा अमेरिकी शिक्षिका एरीन ग्रुवेल (सहिष्णुता एवं आशा आधारित शिक्षण की प्रतीक) प्रमुख रहे। इन उदाहरणों के माध्यम से उन्होंने स्पष्ट किया कि एक समर्पित शिक्षक अपने विद्यार्थियों के जीवन में किस प्रकार सार्थक परिवर्तन ला सकता है।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रबंधन की ओर से सिस्टर शिजी द्वारा जकारिया के स्वागत के साथ हुआ, जबकि शिक्षकों की ओर से गीता सिंह ने उनका अभिनंदन किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों की सक्रिय सहभागिता उल्लेखनीय रही।
विद्यालय के प्रधानाचार्य  फादर थॉमस कुमार ने मुख्य अतिथि के प्रेरणादायक एवं ज्ञानवर्धक सत्रों के लिए आभार व्यक्त किया तथा शिक्षकों की सक्रिय भागीदारी की सराहना की। उन्होंने विद्यालय की इस प्रतिबद्धता को पुनः दोहराया कि संस्था शिक्षण में नवाचार एवं उत्कृष्टता को निरंतर प्रोत्साहित करती रहेगी।कार्यक्रम का समापन प्रेरणादायक वातावरण में हुआ, जिसने शिक्षकों को 21वीं सदी की शैक्षिक आवश्यकताओं के अनुरूप स्वयं को और अधिक सशक्त बनाने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम के सफल संचालन में  एलन डी’सूजा का विशेष योगदान रहा।कार्यक्रम के अंत में औपचारिक धन्यवाद ज्ञापन विद्यालय के शिक्षक  चार्ल्स सेगो द्वारा प्रस्तुत किया गया।