1 से 30 अप्रैल तक विशेष अभियान, 10 अप्रैल से ‘दस्तक अभियान’ शुरू
FATEHPUR NEWS: कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना की अध्यक्षता में संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान को लेकर अंतर्विभागीय समन्वय समिति की द्वितीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में सीडीओ ने स्वास्थ्य विभाग के साथ-साथ आशा, एएनएम और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों द्वारा किए जा रहे कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित चिकित्सा अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने अधीनस्थ कार्यालयों में साफ-सफाई सुनिश्चित कर अभियान की शुरुआत करें। उन्होंने ग्राम पंचायतों में सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई, चूने का छिड़काव और फॉगिंग कराने पर विशेष जोर दिया। साथ ही एडीओ पंचायत एवं डीपीआरओ को प्रमाण पत्र देने के निर्देश दिए कि सभी स्थानों पर स्वच्छता कार्य पूर्ण हो चुका है। माइक्रो प्लान के अनुसार कार्यों की फोटो-वीडियो सहित प्रतिदिन रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए। सीडीओ ने स्पष्ट कहा कि जिन विभागों की प्रगति संतोषजनक नहीं होगी, उनकी अलग से समीक्षा की जाएगी और लापरवाही मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों के रूटीन रजिस्टर और आशा डायरी के निरीक्षण तथा ग्रामीण क्षेत्रों में फील्ड वेरिफिकेशन और जन फीडबैक लेने के भी निर्देश दिए। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजीव नयन गिरी ने जानकारी दी कि राष्ट्रीय वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम के तहत जनपद में 1 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान चलाया जाएगा, जिसमें 10 अप्रैल से 30 अप्रैल तक ‘दस्तक अभियान’ संचालित होगा। उन्होंने बताया कि इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर बुखार, एई/जेई जैसे रोगों की पहचान करेंगी और गंभीर मरीजों को 102/108 एंबुलेंस के माध्यम से नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचाया जाएगा। साथ ही कूलर, पुराने बर्तन, टायर, गमले आदि में जमा पानी की जांच कर लोगों को जागरूक किया जाएगा। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला पंचायत राज अधिकारी, डिप्टी सीएमओ, जिला मलेरिया अधिकारी, खंड विकास अधिकारी, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।







