Home उत्तर प्रदेश आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को नियुक्ति पत्र व स्मार्टफोन वितरण, 53 केंद्रों का हुआ...

आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को नियुक्ति पत्र व स्मार्टफोन वितरण, 53 केंद्रों का हुआ लोकार्पण

सीएम योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम का हुआ लाइव प्रसारण

विधायक राजेन्द्र सिंह पटेल ने किया विकास कार्यों का लोकार्पण

FATEHPUR NEWS: विकास भवन सभागार में बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग उत्तर प्रदेश द्वारा एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र और स्मार्टफोन वितरित किए गए। इस अवसर पर योगी आदित्यनाथ द्वारा लखनऊ स्थित लोक भवन सभागार से आयोजित कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी देखा और सुना गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जहानाबाद के विधायक राजेन्द्र सिंह पटेल, जिलाधिकारी रविन्द्र सिंह तथा मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना उपस्थित रहे। इस दौरान जनपद की 50 आंगनबाड़ी सहायिकाओं एवं 14 कार्यकत्रियों को एफआरएस के माध्यम से शत-प्रतिशत पोषाहार वितरण करने पर प्रशंसा पत्र प्रदान किए गए। वहीं 70 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को स्मार्टफोन और दो सीडीपीओ (भिटौरा, देवमई) को उत्कृष्ट कार्य के लिए लैपटॉप देकर सम्मानित किया गया। साथ ही 53 आंगनबाड़ी केंद्रों का लोकार्पण मुख्यमंत्री द्वारा किया गया, जबकि खजुहा एवं अमौली में दो बाल विकास परियोजना कार्यालयों का लोकार्पण विधायक राजेन्द्र सिंह पटेल ने फीता काटकर किया। विधायक राजेन्द्र सिंह पटेल ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा पारदर्शी ऑनलाइन प्रक्रिया के माध्यम से आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं का चयन किया गया है। डिजिटल पहल के तहत स्मार्टफोन वितरण से बच्चों के स्वास्थ्य की निगरानी अब और बेहतर तरीके से की जा सकेगी। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार तकनीकी के माध्यम से विकास कार्यों को गति दे रही है। जिलाधिकारी रविन्द्र सिंह ने नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाली कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह जिम्मेदारी केवल नौकरी नहीं, बल्कि देश के भविष्य निर्माण से जुड़ी है। उन्होंने सभी को अपने दायित्वों का निर्वहन ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ करने का आह्वान किया। साथ ही स्मार्टफोन के उपयोग के लिए प्रशिक्षण लेकर समय पर कार्यों की ऑनलाइन फीडिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी सहित संबंधित अधिकारी, कर्मचारी, सुपरवाइजर, आंगनबाड़ी कार्यकत्री एवं सहायिकाएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं।