KAUSHAMBI NEWS: विकासखंड मूरतगंज के उच्च प्राथमिक विद्यालय मकदूमपुर काजी में सोमवार को एक गरिमामय व भावुक विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय की वरिष्ठ शिक्षिका व सदर मुदर्रिस मोहतरमा कैसर जहां साहिबा के सेवानिवृत्त होने पर उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।
कार्यक्रम में विद्यालय परिवार, शिक्षकों, अभिभावकों व विद्यार्थियों ने उनके लंबे शिक्षण कार्यकाल की सराहना करते हुए उन्हें यादगार पल भेंट किए। वक्ताओं ने कहा कि कैसर जहां साहिबा ने शिक्षा को हमेशा इबादत की तरह निभाया और अपने कर्तव्यों का निष्ठा व समर्पण के साथ निर्वहन किया। इस दौरान एसआरजी डॉ. ओमप्रकाश सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि कैसर जहां साहिबा एक ऐसी शिक्षिका रहीं, जिन्होंने अपने व्यक्तित्व और कार्यशैली से विद्यालय को नई पहचान दी। उन्होंने कहा कि “उन्होंने शिक्षण को कभी नौकरी नहीं माना, बल्कि इसे एक पवित्र दायित्व समझकर निभाया। उनके मार्गदर्शन में नौनिहालों का भविष्य संवरता रहा और विद्यालय में अनुशासन व संस्कारों का वातावरण बना।” उन्होंने आगे कहा कि उनकी कार्यशैली, सादगी और विद्यार्थियों के प्रति मातृवत स्नेह सदैव प्रेरणास्रोत बना रहेगा। उनके सेवानिवृत्त होने से विद्यालय परिवार में जो खालीपन आया है, उसे भर पाना आसान नहीं होगा। समारोह के दौरान शिक्षकों ने उनके सरल स्वभाव, अनुशासनप्रियता व विद्यालय के प्रति समर्पण की सराहना की। उन्हें शॉल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। अपने संबोधन में कैसर जहां साहिबा ने सभी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय परिवार से मिला स्नेह उनके जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है। कार्यक्रम के अंत में सभी ने नम आंखों से उन्हें विदाई दी और उनके स्वस्थ, सुखद व उज्ज्वल भविष्य की कामना की।







