Home उत्तर प्रदेश संपूर्ण समाधान दिवस पर 97 शिकायतों में से सिर्फ 16 का निस्तारण

संपूर्ण समाधान दिवस पर 97 शिकायतों में से सिर्फ 16 का निस्तारण

जनपद के सभी तहसीलों में आयोजित किया गया संपूर्ण समाधान दिवस
फोटोश

BHADOHI NEWS: जनपद के सभी तहसीलों में सोमवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। तहसील भदोही में एसपी अभिनव त्यागी, सीडीओ बालगोविंद शुक्ल, एसडीएम अरुण गिरी, सीओ अशोक कुमार मिश्र, तहसील औराई में एसडीएम श्याममणि त्रिपाठी, तहसील ज्ञानपुर में एसडीएम भानसिंह, तहसीलदार एवं अन्य अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। कुल आए 97 मामलों में से मौके पर 16 का त्वरित निस्तारण किया गया। इस दौरान एसपी ने अंतरविभागीय समन्वय स्थापित करते हुए प्रत्येक राजस्व व पुलिस टीम के लीडर के रूप में एक-एक जनपदीय अधिकारी को नामित किया। टीम लीडर को तत्काल उसी दिन प्रकरण का स्थलीय मुआयना करते हुए निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सीडीओ ने सभी जनपद स्तरीय अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि शिकायतों का निस्तारण करते समय शिकायतकर्ता से बात करें, मौके पर जाए, स्पष्ट रूप से आख्या लिखे, कागजी खानापूर्ति न करें। शिकायतों को पारदर्शी ढंग से गुणवत्तानुरूण निस्तारण कराए, अन्यथा सख्त कार्रवाई की जाएगी। तहसील भदोही में संपूर्ण समाधान दिवस के मौके पर सीडीओ बालगोविंद शुक्ल द्वारा सुनवाई के दौरान दूर-दराज से आए फरियादियों के कुल 42 प्रार्थना पत्रों में से 6 मामलों में त्वरित संयुक्त टीम भेज कर निस्तारण कराया गया। शेष प्रकरण में राजस्व व पुलिस की संयुक्त टीम बनाते हुए समय-सीमा में समाधान करने के निर्देश दिए गए। इसी तरह तहसील औराई में एसडीएम श्याममणि त्रिपाठी के समक्ष फरियादियों में कुल 32 में 6 का निस्तारण किया तथा तहसील ज्ञानपुर एसडीएम भानसिंह के समक्ष कुल 23 में से 4 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया और शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को भेजकर निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।