हनुमान चालीसा पाठ से गूंजा वातावरण, श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर लिया भाग
FATEHPUR NEWS: सनातन नव वर्ष एवं पावन चैत्र नवरात्र के शुभ अवसर पर श्री हनुमान चालीसा पाठ परिवार ट्रस्ट द्वारा शक्ति केंद्र शिव जी विराजमान मंदिर, आवास विकास कॉलोनी में भव्य नव वर्ष मिलन समारोह एवं हवन-यज्ञ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा के निवर्तमान जिलाध्यक्ष मुखलाल पाल उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथियों में विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष विनायक एवं जिला पंचायत सदस्य अजय सिंह उर्फ रिंकू लोहारी शामिल हुए। ट्रस्ट की मुख्य ट्रस्टी सोनी श्रीवास्तव ने महिलाओं को पटका एवं हनुमान चालीसा की पावन पुस्तिका भेंट कर स्वागत किया। वहीं पुरुष अतिथियों का स्वागत ट्रस्ट परिवार के अंशू सिंह, शशांक मिश्रा, देवांश शुक्ला एवं संदीप श्रीवास्तव द्वारा अंगवस्त्र एवं पटका पहनाकर किया गया। श्रद्धालुओं को भी हनुमान चालीसा की पुस्तिकाएं वितरित की गईं। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य यजमान अजय सिंह उर्फ रिंकू लोहारी ने पत्नी सहित विधिवत पूजा-अर्चना के साथ की। इसके बाद रमेशचंद्र के नेतृत्व में मंडली द्वारा सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा एवं माता दुर्गा चालीसा का संगीतमय पाठ किया गया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। तदोपरांत ट्रस्ट के संयोजक दिनेश सक्सेना के निर्देशन में तीन यज्ञ वेदियों पर विधिवत हवन-यज्ञ संपन्न कराया गया, जिसमें अजय सिंह, जगदीश प्रसाद पाण्डेय (एडवोकेट), शैलेश श्रीवास्तव सहित अन्य यजमानों ने सपत्नीक भाग लिया। कार्यक्रम के समापन पर मुकेश श्रीवास्तव, आशीष पटेल एवं चन्द्र प्रकाश सोनी के नेतृत्व में प्रसाद वितरण किया गया। इस अवसर पर रेशमा परिहार, संगीता द्विवेदी, आशा पटेल, कैप्टन हरि शंकर सिंह चौहान, रानू मिश्रा, विश्व नारायण श्रीवास्तव, रामजी श्रीवास्तव, मुकेश गुप्ता, विनीत श्रीवास्तव, हिमांशु श्रीवास्तव, सुधीर कुमार, सोनू सिंह चंदेल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।





