Home उत्तर प्रदेश जारी बाजार में टायर की दुकान से दो लाख की चोरी, व्यापारियों...

जारी बाजार में टायर की दुकान से दो लाख की चोरी, व्यापारियों में दहशतय पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल

5
0

जारी,प्रयागराज । कौंधियारा थाना क्षेत्र के जारी बाजार में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते नजर आ रहे हैं। गुरुवार की देर रात अज्ञात चोरों ने एक टायर की दुकान का शटर तोड़कर करीब दो लाख रुपये कीमत के टायर चोरी कर लिए। लगातार हो रही चोरियों से व्यापारियों में भय और आक्रोश का माहौल है, वहीं पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े होने लगे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के जिला महामंत्री दिलीप केसरवानी की जारी बाजार में टायर की दुकान है। गुरुवार देर रात चोरों ने दुकान का शटर तोड़कर अंदर रखे महंगे टायर उठा लिए। घटना की जानकारी सुबह होने पर दुकान मालिक को हुई, जिसके बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
बताया जा रहा है कि पास में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में एक काली बोलेरो कार संदिग्ध रूप से कई बार दुकान के सामने आती दिखाई दी है। फुटेज के अनुसार बोलेरो कार लगभग चार बार दुकान के सामने आकर रुकी, जिसके बाद चोर चोरी किए गए टायर उसी वाहन में लादकर फरार हो गए।
लगातार हो रही चोरियों से व्यापारी परेशान
जारी बाजार के व्यापारियों का आरोप है कि 3 मार्च से लेकर अब तक करीब चार दुकानों में चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। इसके बावजूद पुलिस अभी तक किसी भी मामले का खुलासा नहीं कर सकी है। व्यापारियों का कहना है कि इससे साफ जाहिर होता है कि चोरों के हौसले बढ़ते जा रहे हैं और पुलिस की कार्यशैली भी सवालों के घेरे में है।
गौरतलब है कि जारी बाजार से महज तीन किलोमीटर की दूरी पर कौंधियारा थाना स्थित है। इतना ही नहीं, जारी बाजार में ही सहायक पुलिस आयुक्त कौंधियारा का कार्यालय और जारी पुलिस चैकी भी मौजूद है। इसके बावजूद क्षेत्र में लगातार हो रही चोरियों से व्यापारी और स्थानीय लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
पत्रकार संगठन ने दिया ज्ञापन
घटना के बाद ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के कार्यवाहक जिला अध्यक्ष विपिन बिहारी गुप्ता के नेतृत्व में संगठन के सदस्यों ने सहायक पुलिस आयुक्त कार्यालय, जारी पहुंचकर एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई कि पत्रकार दिलीप केसरवानी की दुकान में हुई चोरी का जल्द से जल्द खुलासा किया जाए और चोरी हुए टायरों की बरामदगी सुनिश्चित की जाए, ताकि उन्हें हुए नुकसान की भरपाई हो सके।
इस दौरान मौके पर मौजूद जारी चैकी प्रभारी सुनील कुमार ने पत्रकारों को आश्वस्त करते हुए कहा कि पुलिस जल्द ही एक टीम गठित कर मामले की जांच करेगी और चोरी की घटना का शीघ्र खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।

कई पदाधिकारी रहे मौजूद
ज्ञापन सौंपने के दौरान तहसील अध्यक्ष बारा मोहम्मद अली भैयन, जिला उपाध्यक्ष डॉ. लालचंद पटेल, जिला संरक्षक सोमनाथ कुशवाहा, राजेश कुमार सोनकर, सुनील कुमार यादव, रामबाबू पटेल, नीरज कुमार श्रीवास्तव, गोलू सहित ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के दर्जनों सदस्य मौजूद रहे। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से जारी बाजार के व्यापारियों में दहशत का माहौल है। व्यापारियों का कहना है कि यदि पुलिस जल्द कार्रवाई नहीं करती है तो क्षेत्र में इससे भी बड़ी घटनाएं होने की आशंका बनी रहेगी।