सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारत ने 2026 टी20 वर्ल्ड कप जीता. इसके बाद उनसे पूछा गया कि क्या वे भी रोहित शर्मा की तरह ही वर्ल्ड चैंपियन बनने के बाद अब संन्यास का ऐलान कर देंगे. जानिए सूर्या ने क्या कहा.
- सूर्यकुमार यादव 2024 टी20 वर्ल्ड कप के बाद भारत के कप्तान बने थे.
- सूर्यकुमार यादव टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाले तीसरे भारतीय कप्तान हैं.
रोहित शर्मा ने टी20 वर्ल्ड कप 2024 जीतने के बाद टी20 इंटरनेशनल से संन्यास ले लिया. अब 2026 में सूर्यकुमार यादव ने भी यह खिताब जीत लिया. इसके बाद भारतीय कप्तान से पूछा गया कि क्या वे भी रोहित की तरह इस फॉर्मेट से रिटायरमेंट ले लेंगे. इस पर सूर्या ने मजेदार जवाब दिया. उन्होंने कुछ स्पष्टता से नहीं कहा लेकिन बताया कि अब लक्ष्य 2028 ओलिंपिक्स है. साथ ही आगे आने वाले पांच साल में भी इसी तरह से भारत का दबदबा बनाए रखना है. भारत ने 8 मार्च को न्यूजीलैंड को हराकर तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप जीता. यह तीन साल में भारत की सीनियर पुरुष क्रिकेट में तीसरी ट्रॉफी है.
सूर्या ने संन्यास के सवाल पर क्या कहा
सूर्या ने संन्यास लेने के सवाल पर पहले हंसते हुए कहा कि क्यों कह रहे हो ऐसे. सब कुछ सही तो चल रहा है. उन्होंने इसके बाद कहा कि जैसा खेल चल रहा है उसे 2027 वर्ल्ड कप, 2028 ओलिंपिक, टी20 वर्ल्ड कप और 2029 चैंपियंस ट्रॉफी में जारी रखना चाहते हैं.







