बिंदकी क्षेत्र के गांवों में 50 से अधिक मरीजों का किया परीक्षण, मुफ्त दवाइयों का हुआ वितरण
FATEHPUR NEWS: चिकित्सा जगत में अपनी विशेष पहचान बना चुके ओडिशा के सुप्रसिद्ध न्यूरोलॉजिस्ट प्रोफेसर डॉ. सूर्यप्रकाश ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए बिंदकी तहसील क्षेत्र के विभिन्न गांवों में निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया। लखनऊ के एसजीपीजीआई में आयोजित तीन दिवसीय न्यूरोलॉजी के राष्ट्रीय सम्मेलन में शामिल होने आए डॉ. सूर्यप्रकाश ने अपने व्यस्त समय में से वक्त निकालकर ग्रामीण क्षेत्रों में मरीजों की सेवा करने का निर्णय लिया। आयोजित शिविर में करीब 50 से 60 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। डॉ. सूर्यप्रकाश ने मरीजों की न्यूरोलॉजिकल समस्याओं को गंभीरता से सुना और उन्हें आवश्यक परामर्श देने के साथ निशुल्क दवाइयों का भी वितरण किया। इस सेवा कार्य में अपना दल (एस) के चिकित्सा मंच के जिला उपाध्यक्ष आदित्य तिवारी भी सक्रिय रूप से मौजूद रहे। डॉ. सूर्यप्रकाश का उत्तर प्रदेश से भी गहरा जुड़ाव रहा है। वर्ष 2017 में उन्होंने एसजीपीजीआई लखनऊ से न्यूरोलॉजी की पढ़ाई पूरी की थी। अपने उत्कृष्ट उपचार और सौम्य व्यवहार के कारण वह पूरे प्रदेश में लोकप्रिय रहे हैं। उनकी प्रतिभा को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और तत्कालीन राज्यपाल राम नाईक ने उन्हें गोल्ड मेडल और उत्तर प्रदेश के सर्वश्रेष्ठ न्यूरोलॉजिस्ट के सम्मान से नवाजा था। पीजीआई से शिक्षा पूरी करने के बाद उन्होंने यूके, यूएसए और ऑस्ट्रेलिया के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों से अंतरराष्ट्रीय फेलोशिप प्राप्त की। वर्तमान में वह ओडिशा के भुवनेश्वर स्थित एक प्रतिष्ठित मेडिकल कॉलेज में प्रोफेसर के रूप में सेवाएं दे रहे हैं।
एसजीपीजीआई में प्रोफेसर पद पर नियुक्ति की उठी मांग
शिविर के दौरान स्थानीय लोगों और आदित्य तिवारी ने डॉ. सूर्यप्रकाश की सेवाओं की सराहना करते हुए सरकार से अनुरोध किया कि जनहित को देखते हुए उन्हें लखनऊ स्थित एसजीपीजीआई में प्रोफेसर के पद पर नियुक्त किया जाए। क्षेत्रवासियों का मानना है कि उनके जैसे अनुभवी और सेवाभावी डॉक्टर के उत्तर प्रदेश में आने से मरीजों को अंतरराष्ट्रीय स्तर का उपचार उपलब्ध हो सकेगा।
Home उत्तर प्रदेश ओडिशा के प्रसिद्ध न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. सूर्यप्रकाश ने फतेहपुर में लगाया निशुल्क स्वास्थ्य...







